उत्तर प्रदेश के इटावा में शादी का जश्न उस वक्त मातम में बदल गया जब दुल्हे ने गाड़ी चलाना नहीं आने के बावजूद गाड़ी चलाने की कोशिश की औऱ 4 लोगों को कुचल दिया. घटना अकबरपुर गांव की है. हादसा यहां 24 साल के पीएसी जवान अरुण कुमार के तिलक समारोह के दौरान हुआ. अरुण को तिलक में ससुराल से नई कार उपहार में मिली थी. मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि कार चलाना नहीं आने के बावजूद अरुण ने नई कार की टेस्ट ड्राइव करने का फैसला लिया. कार स्टार्ट करने के बाद अरुण ने ब्रेक की बजाए एक्सीलेटर ज़ोर से दबा दिया जिसके चलते कार तेज़ी से आगे बढ़ी और पास खड़े रिश्तेदारों को कुचल दिया.
घटना में दुल्हे की चाची समेत 4 दूसरे रिश्तेदार कुचले गए. जिसमें से 35 वर्षीय चाची सरला देवी पहियों के नीचे आ गई और उसकी मौत हो गई. जबकि दूसरे चार रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हैं. घायलों में एक 10 साल की बच्ची भी शामिल है. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
एकदिल के थाना प्रभारी रणविजय सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए कहा, “हमने आरोपी को पुलिस हिरासत में ले लिया है. शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद हम आरोपी दुल्हे पर लापरवाही से गाड़ी चलाने और दूसरी आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज करेंगे.”

