Sunday, February 15, 2026

Crime Story : पहले कर दी अपने परिवार के पांच लोगों की हत्या, फिर खुद को भी मारी गोली 

सीतापुर । Crime Story  सीतापुर जिले से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक शख्स ने अपने परिवार के पांच लोगों की हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी गोली मारकर जान दे दी। मृतक के भाई ने खुद को कमरे में बंद कर जान बचाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मौके से एक अवैध असलहा बरामद कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार, रामपुर मथुरा थाना इलाके के पल्हापुर गांव के रहने वाले अनुराग सिंह (45) ने शनिवार रात ढाई से तीन बजे अपनी मां सावित्री (62) और पत्नी प्रियंका सिंह (40) की गोली मारकर हत्या कर दी।

Crime Story – नशे का आदी था आरोपी

इसके बाद बेटी अस्वी (12), अर्ना (8) और पुत्र आद्विक(4) को छत से नीचे फेंक दिया। फिर गोली मारकर खुद को उड़ा लिया। घर के सभी सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं बेटे आद्विक को ग्रामीण अस्पताल लेकर जा रहे थे, रास्ते मे उसने दम तोड़ दिया। सीओ महमूदाबाद दिनेश शुक्ला ने बताया कि युवक नशे का आदी था। परिवार वाले उसे नशा मुक्त केंद्र ले जाना चाहते थे, इसको लेकर रात में विवाद हुआ। इसके बाद यह घटना हुई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।

संपन्न परिवार का था अनुराग

रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र में घर के पांच सदस्यों की हत्या कर खुद को गोली से उड़ाने वाले अनुराग सिंह का परिवार बेहद सम्पन्न है। परिवार लखनऊ में रहता था। अनुराग गांव में रहता था। शुक्रवार को ही पत्नी बच्चों को लेकर गांव आई थी। पत्नी प्रियंका लखनऊ स्थित एक बैंक में कार्यरत थी। इसके अलावा घर पर 100 बीघा से अधिक खेती थी। अनुराग बीएससी एग्रीकल्चर था तो खेती में रुचि थी। वह खेती संभालता था।

नशे की लत ने पूरा परिवार खत्म कर दिया

नशे की लत ने उसे बिगाड़ दिया था। परिजन इसका विरोध करते थे। वह जब ज्यादा नशा करने लगा तो परिजनों ने लखनऊ के नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराने की ठानी। यही हत्या का कारण बना। मृतक अनुराग सिंह के भाई अजीत सिंह ने बताया कि रात ढाई से तीन बजे के बीच गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब वह अपने कमरे से बाहर आए तो खूनी मंजर देखा। इसके बाद अनुराग उन्हें भी मारने दौड़ा तो अजीत सिंह ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। अगर वह ऐसा न करते तो अनुराग उन्हें भी मार देता।

Crime Story पुलिस कर रही है छानबीन

सीतापुर के एसएसपी चक्रेश मिश्रा का कहना है कि आज मथुरा में रामपुर पुलिस को सूचना मिली कि मानसिक रूप से बीमार एक व्यक्ति, जिसका नाम अनुराग सिंह उम्र 45 वर्ष है, ने कथित तौर पर खुद को गोली मारने से पहले अपने परिवार के 5 लोगों की हत्या कर दी है…पुलिस और एफएसएल टीम जांच कर रही है। हर पहलू पर कानूनी कार्रवाई  चल रही है।  शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेंगे। सूत्रों ने बताया कि अनुराग के कमरे में बेड के पास से एक 315 बोर का अवैध असलहा बरामद हुआ है।

Latest news

Related news