चंडीगढ़: चंडगढ़ से एक अनोखा मामला सामने आया है. यहां सेक्टर 17 में स्थित फाइव स्टार होटल शिवालिक 14 फरवरी को 2 कारों की नीलामी करने जा रहा है. ये दोनों कारें उन 2 मेहमानों की हैं जो होटल में 6 महीने तक रहे, मगर बिल नहीं भरा. ऐसे में होटल ने उनकी कारों को जब्त कर लिया था. इस के बाद होटल मालिक अपने बिल की भरपाइ के लिए कोर्ट गये और कोर्ट से मांग की की कार को नीलाम कर बिल की भरपाई करने की मंजूरी दी जाये. कोर्ट ने होटल को कारों की नीलामी करने की मंजूरी दे दी है और अब 14 फरवरी को ये दोनों कार नीलामी होंगी.

जिन कारों की नीलामी की जाएगी उनमें ऑडी क्यू-3 और शेवरले क्रूज गाड़ी शामिल है. जानकारी के मुताबिक, होटल में साल 2018 में 2 गेस्ट लगभग 6 महीने तक ठहरे थे. इनका करीब 19 लाख रुपए का बिल बना था. बिल न भरे जाने की सूरत में होटल ने इनकी गाड़ियों को जब्त कर लिया गया था और अब इनसे आने वाले पैसे से शिवालिक व्यू होटल अपना बिल पूरा करेगा.

नीलामी के लिए रिजर्व प्राइज 10 लाख और 1.5 लाख
यह दोनों गाड़ियां पंजाब नंबर की हैं। ऑडी गाड़ी का रिजर्व प्राइज 10 लाख रुपए और शेवरले गाड़ी का रिजर्व प्राइज डेढ़ लाख रुपए रखा गया है. शिवालिक होटल से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गेस्ट ने 18.96 लाख रुपए का बिल नहीं चुकाया था.

