VIDEO: मैदान पर भिड़े लिटन दास और रिजवान, मैच में दिखा हाई वोल्टेज ड्रामा

बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने अपनी सरजमीं पर नया इतिहास रचते हुए पाकिस्तान को दो टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप कर दिया है। मेजबान टीम ने ढाका में खेले गए पहले टेस्ट मैच में पाकिस्तान को 104 रनों से शिकस्त दी थी, जबकि सिलहट में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में 78 रनों से शानदार जीत दर्ज की। इस ऐतिहासिक जीत के बीच सिलहट टेस्ट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है, जिसमें बांग्लादेश के विकेटकीपर लिटन दास और पाकिस्तान के बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान के बीच तीखी झड़प होती दिख रही है। इसके बाद पूरी बांग्लादेशी टीम ने रिजवान को ट्रोल करते हुए उनकी जमकर स्लेजिंग की।

साइट स्क्रीन विवाद से शुरू हुई बहस

यह पूरा वाकया पाकिस्तान की दूसरी पारी के 72वें ओवर का है। बांग्लादेश ने पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 437 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था। जब पाकिस्तान का स्कोर 5 विकेट पर 259 रन था, तब बांग्लादेश के स्पिनर तैजुल इस्लाम गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की चौथी गेंद पर जैसे ही तैजुल ने दौड़ना शुरू किया, रिजवान अचानक क्रीज से हट गए और साइट स्क्रीन की तरफ इशारा करने लगे। रिजवान का बार-बार इस तरह क्रीज से हटना विकेटकीपिंग कर रहे लिटन दास को नागवार गुजरा और वे रिजवान से भिड़ गए।

स्टंप माइक में रिकॉर्ड हुई लिटन और रिजवान की तीखी बातचीत

दोनों खिलाड़ियों के बीच हुई बहस स्टंप माइक में साफ रिकॉर्ड हो गई, जो इस प्रकार थी:

  • लिटन दास: "क्या हुआ? यह तुम हर गेंद पर क्या कर रहे हो? कल भी तुम यही हरकत कर रहे थे।"

  • मोहम्मद रिजवान: "कोई साइट स्क्रीन के पास खड़ा है, मैं क्या करूं?"

  • लिटन दास: "कहाँ खड़ा है कोई? तुम हर गेंद से पहले उधर ही क्यों देख रहे हो, अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान दो।"

  • मोहम्मद रिजवान: "क्या यह देखना तुम्हारा काम है, मेरा काम है या अंपायर का काम है?"

  • लिटन दास: "तो फिर चुपचाप आउट हो जाओ या ध्यान लगाकर खेलो।"

इस बहस के बाद रिजवान ने अंपायर से भी शिकायत की। बीच-बचाव के बाद जब रिजवान दोबारा स्टांस लेने लगे, तो उन्होंने लिटन से कहा, "देखो यार, तुम कप्तान हो इसलिए मैं तुम्हारी इज्जत कर रही हूँ, तुम भी मेरी इज्जत करो।"

'इस ओवरएक्टिंग के 50 पैसे कटेंगे'— बांग्लादेशी खिलाड़ियों ने लिए मजे

रिजवान की इस हरकत के बाद पूरी बांग्लादेशी टीम एकजुट हो गई और उन्होंने रिजवान को बुरी तरह स्लेज करना शुरू कर दिया। जब रिजवान ने अगली गेंद खेली, तो स्टंप माइक पर एक बांग्लादेशी खिलाड़ी की आवाज आई, "थोड़े रन क्या बना लिए, इसकी एक्टिंग फिर से चालू हो गई।"

ओवर की आखिरी गेंद पर जब रिजवान ने एक रन लिया, तो बांग्लादेशी क्रिकेटरों ने बॉलीवुड का जिक्र करते हुए उनके मजे लिए। एक खिलाड़ी ने कहा, "चलो भाई, इसे तो अब बॉलीवुड में जगह मिल जाएगी।" इस पर दूसरे खिलाड़ी ने तंज कसा, "नहीं भाई, उधर भी इसे कोई नहीं लेगा, इसकी इस ओवरएक्टिंग के लिए तो 50 पैसे कटेंगे।" एक अन्य खिलाड़ी ने हंसते हुए कहा, "एक हफ्ते बाद भाई की बॉलीवुड में ट्रेनिंग है, यह सबको एक्टिंग सिखा रहा है। टीम में जगह पक्की हो गई है, इसलिए ज्यादा बोल रहा है।"

रिजवान की 'इंजरी एक्टिंग' का सोशल मीडिया पर उड़ा मजाक

क्रिकेट फैंस इस वीडियो को सोशल मीडिया पर जमकर शेयर कर रहे हैं और रिजवान की फिटनेस व एक्टिंग का मजाक उड़ा रहे हैं। दरअसल, मोहम्मद रिजवान अक्सर मैचों के दौरान अर्धशतक या बड़ी पारी खेलने के बाद मैदान पर क्रैम्प, पैर में मोच या चोट का बहाना बनाकर लेट जाते हैं, जिसे लेकर पहले भी उन पर सवाल उठते रहे हैं। बांग्लादेशी खिलाड़ियों ने इसी कमजोरी को भांपकर उन पर यह तंज कसा था।

मैच की बात करें तो 437 रनों का पीछा करते हुए पाकिस्तानी टीम 358 रनों पर ढेर हो गई। रिजवान ने 94 और सलमान आगा ने 71 रनों की पारी खेली, लेकिन वे अपनी टीम को शर्मनाक हार से नहीं बचा सके। इस जीत के साथ बांग्लादेश विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है, जबकि पाकिस्तान खिसककर आठवें नंबर पर आ गया है। इस सूची में भारतीय टीम छठे स्थान पर मौजूद है।

Latest news

Related news