भर्ती की तैयारी कर रहे युवक पर हमला, फिजिकल अकादमी संचालक के खिलाफ FIR

बठिंडा:पंजाब के बठिंडा जिले से एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहाँ पुलिस भर्ती की तैयारी करने आए एक होनहार छात्र के साथ फिजिकल अकादमी के भीतर ही बेरहमी से मारपीट की गई। भुच्चो मंडी स्थित अकाल फिजिकल अकादमी में हुई इस बर्बरता का एक सीसीटीवी वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने और मामला तूल पकड़ने के बाद हरकत में आई थाना नथाना पुलिस ने पीड़ित छात्र की शिकायत पर आरोपी अकादमी संचालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का दावा है कि आरोपी की लोकेशन ट्रेस की जा रही है और उसे जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

मदद करने की मिली ऐसी सजा, बिना बात सुने बरसाए डंडे और लात-घूंसे

अस्पताल में भर्ती पीड़ित छात्र प्रभदीप ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह मूल रूप से फगवाड़ा का रहने वाला है और यहां पुलिस में भर्ती होने का सपना लेकर ट्रेनिंग कर रहा था। घटना वाले दिन अकादमी की ही एक छात्रा के पैर में चोट लग गई थी, जिसकी वजह से वह इंसानियत के नाते उसके कमरे में पट्टी बांधने और मदद करने गया था। आरोप है कि इसी दौरान अकादमी का संचालक वहां धमक पड़ा और उसने बिना कुछ सोचे-समझे और बिना कोई बात सुने प्रभदीप पर डंडों, लातों और घूंसों की बरसात कर दी। इस बेरहम पिटाई से छात्र गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए पास के सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया गया।

नौकरी के नाम पर भारी फीस वसूली, मां ने लगाए धमकाने के आरोप

घायल छात्र प्रभदीप ने अपनी शिकायत में यह भी उजागर किया है कि इस अकादमी ने उसे सरकारी नौकरी दिलाने का पक्का भरोसा देकर मोटी रकम फीस के तौर पर वसूली थी, लेकिन बदले में उसे यह खौफनाक प्रताड़ना मिली। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद बठिंडा पहुंची छात्र की मां ने भी न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद से अकादमी संचालक उन्हें और उनके परिवार को लगातार डरा-धमका रहा है। पीड़ित परिवार ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने के साथ-साथ दोषी को सख्त से सख्त सजा देने की मांग उठाई है।

फरार संचालक की तलाश में छापेमारी, अकादमी के लाइसेंस पर भी उठे सवाल

मामले की जानकारी देते हुए थाना नथाना के प्रभारी इंस्पेक्टर हरजीवन सिंह ने बताया कि घायल छात्र के बयानों के आधार पर आरोपी संचालक गुरजंट सिंह (निवासी बुर्ज काहन सिंह वाला) के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी को दबोचने के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। इधर, सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और छात्रों में भारी आक्रोश है। लोगों ने अब जिला प्रशासन से मांग की है कि इस अकाल फिजिकल अकादमी के संचालन, उसके सरकारी लाइसेंस और अन्य जरूरी कागजातों की भी गहनता से जांच की जाए ताकि युवाओं के भविष्य और सुरक्षा से खिलवाड़ रोका जा सके।

Latest news

Related news