बच्चे के हाथ-पैर तार से बंधे मिले, फरीदकोट पुलिस ने अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया

फरीदकोट| थाना सदर के गांव टहिणा के पास रजवाहे में करीब छह वर्षीय एक अज्ञात बच्चे का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। बच्चे के हाथ-पैर बारीक लोहे के तार से बंधे हुए थे, जिसके चलते पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुल के पास फंसा मिला बच्चे का शव

मिली जानकारी के अनुसार, गांव के चौकीदार जगसीर सिंह ने रजवाहे के पुल के पास बच्चे का शव फंसा हुआ देखा और तुरंत थाना सदर पुलिस को इसकी सूचना दी। सब-इंस्पेक्टर सतपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सहारा सोसायटी के कार्यकर्ताओं की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। पुलिस के अनुसार, मृतक बच्चे ने खाकी रंग की टी-शर्ट, काले रंग की हाफ पैंट और पैरों में सैंडल पहन रखे थे।

पुलिस की जांच और पहचान के प्रयास

बच्चे के हाथ-पैर तार से बंधे मिलने के बाद प्रारंभिक जांच में यह साफ आशंका जताई जा रही है कि बच्चे की हत्या करने के बाद उसके शव को रजवाहे में फेंका गया है। पुलिस ने शव की शिनाख्त (पहचान) करवाने के लिए उसे गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। जांच अधिकारी सतपाल सिंह ने बताया कि चौकीदार के बयान के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के अन्य थाना क्षेत्रों से भी इस बच्चे के संबंध में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है, ताकि पहचान होने के बाद मामले में आगे की सख्त कार्रवाई की जा सके।

Latest news

Related news