पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी से कनेक्शन का आरोप, दिल्ली में युवक गिरफ्तार

सिलीगुड़ी। बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने पाकिस्तानी जासूस होने के शक में एक युवक को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम प्रदीप्त बोस है, जिसे दिल्ली के बंगाली पट्टी इलाके से पकड़ा गया। एसटीएफ आरोपी को गुरुवार को कूचबिहार जिले के दिनहाटा ले आई है।

पूछताछ में खुला राज

इससे पहले एसटीएफ ने आईएसआई एजेंट होने के संदेह में चार अन्य लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें से तीन की गिरफ्तारी दिनहाटा से हुई थी। उनसे हुई कड़ाई से पूछताछ के बाद ही प्रदीप्त का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस की टीम उसे पकड़ने दिल्ली रवाना हुई थी। महज एक हफ्ते के भीतर इस मामले में अब तक पांच लोगों को पकड़ा जा चुका है।

'चिकन नेक' इलाके में बढ़ी हलचल

यह कार्रवाई सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि सिलीगुड़ी कॉरिडोर यानी 'चिकन नेक' भारत का अत्यंत संवेदनशील सामरिक हिस्सा है। यह इलाका पूर्वोत्तर राज्यों को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ता है और नेपाल, भूटान तथा बांग्लादेश की सीमाओं के बेहद करीब है। यहां आईएसआई नेटवर्क की सक्रियता की खबर मिलते ही सेना और केंद्रीय एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।

अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की आशंका

एसटीएफ को अंदेशा है कि आरोपी और उसके साथी देश के कई राज्यों में फैले एक इंटरनेशनल स्लीपर सेल नेटवर्क के लिए काम कर रहे थे। भारतीय सेना या बीएसएफ से जुड़ी कितनी संवेदनशील जानकारियां सीमा पार भेजी गई हैं, इसका पता लगाने के लिए जल्द ही केंद्रीय जांच एजेंसियां भी मामले की जांच में शामिल हो सकती हैं।

Latest news

Related news