झांसी जाते वक्त बड़ा हादसा, अतीक के बेटे आबान समेत दो की मौत, तीन घायल

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के बेटे आबान समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब कार में सवार सभी लोग प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने आ रहे थे। झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर खिल्ली गांव के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे डिवाइडर से टकरा गई।

तेज रफ्तार कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त

घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, प्रयागराज के करेली/हटवा निवासी अहजम (28), मोहम्मद जैद (30), उमर (24), आबान अहमद और सोनू खान एक कार में सवार होकर झांसी की ओर जा रहे थे। पूंछ क्षेत्र में खिल्ली गांव के पास हाईवे पर कार की रफ्तार तेज होने के कारण वाहन से नियंत्रण छूट गया और वह डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया।

अतीक के बेटे आबान और सोनू की मौके पर मौत

इस भीषण दुर्घटना में अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद और सोनू खान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं कार सवार अहजम, मोहम्मद जैद और उमर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि अतीक अहमद के दूसरे बेटे अली अहमद को 1 अक्टूबर 2025 को प्रयागराज की नैनी सेंट्रल जेल से झांसी जेल स्थानांतरित किया गया था, जहां उससे मुलाकात के लिए ही ये लोग आ रहे थे।

Latest news

Related news