देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन ने भरी रफ्तार, जींद-सोनीपत सफर की पूरी जानकारी

जींद। भारतीय रेलवे के इतिहास में शुक्रवार का दिन एक बड़े मील का पत्थर साबित हुआ, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पर्यावरण के अनुकूल और आधुनिक तकनीक से लैस यह ट्रेन हरियाणा और देश की राजधानी दिल्ली के बीच के सफर को और आसान बनाने में बेहद मददगार साबित होगी। अपने शुरुआती चरण में भारत की यह पहली इको-फ्रेंडली ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच का सफर लगभग दो घंटे से कुछ ज्यादा समय में तय करेगी।

इस ऐतिहासिक शुरुआत के साथ ही भारत अब वैश्विक स्तर पर उन चुनिंदा और गिने-चुने देशों के क्लब में शामिल हो चुका है, जो ट्रेनों को चलाने के लिए हाइड्रोजन को ईंधन के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। चूंकि हाइड्रोजन को दुनिया का सबसे साफ और हरा-भरा (ग्रीन) फ्यूल माना जाता है, इसलिए यह कदम देश में प्रदूषण मुक्त यातायात व्यवस्था (ग्रीन मोबिलिटी) की ओर एक बहुत बड़ी छलांग है।

इन रास्तों से होकर गुजरेगी ट्रेन

सफर के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन के कुल 14 स्टॉपेज तय किए गए हैं। जींद जंक्शन से अपनी यात्रा शुरू करने के बाद यह ट्रेन जींद सिटी, पांडु पिंडारा, ललित खेड़ा, भंभेवा, ईशापुर खेड़ी, बुटाना, खंदराई, गोहाना, रभड़ा, लाठ, मोहाना और बड़वासनी जैसे स्टेशनों से गुजरते हुए अपने आखिरी पड़ाव सोनीपत जंक्शन पर पहुंचेगी। सोनीपत से वापस जींद लौटते समय भी यह ट्रेन ठीक इसी क्रम में इन सभी स्टेशनों पर रुकते हुए वापस आएगी।

किफायती सफर और किराए की सूची

स्टेशनकिराया
बड़वासनी10 रुपये
मोहाना10 रुपये
लाठ10 रुपये
रभड़ा10 रुपये
गोहाना10 रुपये
खंडराई15 रुपये
बुटाना15 रुपये
इशापुर खेड़ी20 रुपये
भंभेवा20 रुपये
ललित खेड़ा20 रुपये
पांडू पिंडारा25 रुपये
जींद सिटी25 रुपये
जींद जंक्शन25 रुपये
  

समय सारणी और संचालन के दिन

रेलवे द्वारा इस नई ट्रेन सेवा को शेड्यूल नंबर 74010 और 74009 के तहत संचालित किया जाएगा। अगर इसकी टाइमिंग पर नजर डालें तो रोजाना सुबह यह ट्रेन 7:40 बजे जींद से अपनी यात्रा शुरू करेगी और सुबह 9:40 बजे सोनीपत जंक्शन पहुंच जाएगी। इसके बाद वापसी के सफर के लिए यह सुबह 10:30 बजे सोनीपत से रवाना होगी और दोपहर को 1:00 बजे जींद वापस लौट आएगी। यात्रियों को ध्यान रखना होगा कि यह विशेष हाइड्रोजन ट्रेन सप्ताह में छह दिन अपनी सेवाएं देगी।

Latest news

Related news