पटना: आने वाले त्योहारों जैसे दशहरा और दीपावली के मद्देनजर आम जनता को सुरक्षित, स्वच्छ और उच्च गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा विभाग ने पूरे बिहार राज्य में विशेष जांच अभियान तेज कर दिया है। इस अभियान के तहत 12 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न जिलों में प्रमुख मिठाई दुकानों और कारखानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों के भारी उल्लंघन, एक्सपायरी व खराब खाद्य सामग्री के भंडारण तथा गंभीर स्वच्छता कमियों पर विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए कई प्रतिष्ठानों से अमानक सामग्री जब्त कर उन्हें नष्ट कराया है, जबकि कुछ प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड या रद्द किए गए हैं।
बुद्धा कॉलोनी स्थित स्वीट होम और कारखाने का लाइसेंस रद्द
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में एक्सपायरी बेसन, मैदा और आटा बड़े पैमाने पर पाया गया। मौके से लगभग 18,335 रुपये मूल्य की खाद्य सामग्री जब्त की गई, जिसमें करीब 6,300 रुपये कीमत का 70 किलोग्राम एक्सपायरी बेसन शामिल था जिसे कारखाने में ही नष्ट कराया गया। पनीर, खोवा, मैदा और आटा के कुल चार नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए। व्यापक अनियमितताओं के कारण प्रतिष्ठान का लाइसेंस रद्द कर दिया गया। इसके अलावा, इसी से जुड़े कारखाने में एक्सपायरी कस्टर्ड पाउडर, क्यूमी फ्लेवर सल्फेट और बेकिंग पाउडर मिलने पर इन्हें जब्त कर नष्ट किया गया तथा आटा, बेसन, शुगर-फ्री लिक्विड और काजू-कोकोनट बिस्किट के पांच नमूने प्रयोगशाला भेजे गए, जिसके बाद कारखाने का लाइसेंस भी रद्द कर दिया गया।
मेसर्स कोजी का लाइसेंस किया गया निलंबित
जांच के दौरान पाई गई गंभीर अनियमितताओं के आधार पर मेसर्स कोजी प्रतिष्ठान का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया है। संबंधित संचालक से इस मामले में तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही, गुड़ और चमचम मिठाई के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं।
शिवम स्वीट्स (रामकृष्ण नगर) को सुधार नोटिस
छापेमारी के दौरान प्रतिष्ठान से 630 किलोग्राम कलाकंद, 10 किलोग्राम बर्फी और 5 किलोग्राम लड्डू समेत कुल एक लाख रुपये अनुमानित कीमत की मिठाइयां जब्त की गईं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। कलाकंद, बर्फी, लड्डू और सिल्वर लीफ के चार नमूने जांच हेतु भेजे गए। जांच में पानी की जांच रिपोर्ट तथा कारीगरों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं मिले, साथ ही मिठाई निर्माण में स्किम्ड मिल्क पाउडर का अवैध उपयोग किया जा रहा था। इसे देखते हुए प्रतिष्ठान को 14 दिनों का इंप्रूवमेंट नोटिस दिया गया है।
नेहा ट्रेड्स (इंदिरा नगर) के मिल्क पाउडर में मिले फंगस
इस प्रतिष्ठान से 31 किलोग्राम स्किम्ड मिल्क पाउडर, 34 किलोग्राम सूजी, 20 किलोग्राम मिल्क केक और 14 किलोग्राम चीनी जब्त कर पूरी तरह नष्ट कराई गई। डोडा बर्फी, स्किम्ड मिल्क पाउडर और मिल्क केक के तीन नमूने प्रयोगशाला भेजे गए। जांच में स्किम्ड मिल्क पाउडर के अंदर सड़न, तेज दुर्गंध और फंगस की वृद्धि पाई गई। इसके अलावा प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब थी, दीवारें व फर्श क्षतिग्रस्त थे और शौचालय भी अत्यधिक गंदा पाया गया।
हरि लाल (पाटलिपुत्र इंडस्ट्रियल एरिया) और पटना बिरयानी महल को निर्देश
हरि लाल प्रतिष्ठान से सादा चमचम और गजक के दो नमूने जांच के लिए भेजे गए तथा ड्रेनेज सिस्टम सुधारने व स्वच्छता मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश देते हुए 14 दिनों का नोटिस जारी किया गया। वहीं, बुद्ध मार्ग स्थित पटना बिरयानी महल से चाट मसाला और दालचीनी के दो नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए। यहाँ पानी की जांच रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड और कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट न मिलने पर खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बीकानेर में एक्सपायरी वेफर्स किए गए नष्ट
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि वेफर्स के पैकेट पर 13 अक्टूबर 2026 की एक्सपायरी तिथि अंकित थी। इन उत्पादों के बाजार में दोबारा उपयोग की आशंका को रोकने के लिए उन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। साथ ही काजू और किशमिश के दो नमूने जांच के लिए भेजे गए। खाद्य संरक्षा विभाग ने सभी कारोबारियों को सख्त चेतावनी दी है कि वे खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करें तथा किसी भी स्थिति में एक्सपायरी या खराब वस्तुओं की बिक्री न करें।

