Domino’s Pizza मुंबई : महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा और हाइजीन मानकों के उल्लंघन को लेकर Domino’s Pizza के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है. राज्य के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने गंभीर खामियां पाए जाने के बाद चार Domino’s आउटलेट्स के फूड बिजनेस लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं. इनमें तीन आउटलेट मुंबई और एक सतारा जिले में स्थित है.
FDA के अनुसार, जिन आउटलेट्स पर कार्रवाई हुई है, उनमें विले पार्ले वेस्ट, बोरीवली वेस्ट और R-City Mall, घाटकोपर वेस्ट के Domino’s स्टोर शामिल हैं. चौथा आउटलेट मलकापुर, कराड, सतारा में है. ये सभी आउटलेट्स Jubilant FoodWorks द्वारा संचालित किए जाते हैं.
Domino’s Pizza:विले पार्ले आउटलेट में मिलीं कई खामियां
FDA की जांच में विले पार्ले वेस्ट स्थित Domino’s आउटलेट में FSSAI लाइसेंस के प्रदर्शन, पीने योग्य पानी, खाद्य पदार्थों के स्टोरेज, पेस्ट कंट्रोल और हाइजीन सुविधाओं से जुड़ी कमियां सामने आईं.
प्रशासन ने फ्रोजन फूड के लिए निर्धारित तापमान बनाए रखने, खाद्य और गैर-खाद्य सामग्री को अलग रखने, चूहों और अन्य कीटों से बचाव के प्रभावी इंतजाम करने तथा कर्मचारियों के लिए पर्याप्त हैंडवॉश सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
बोरीवली आउटलेट में करीब 15% नॉन-कम्प्लायंस
बोरीवली वेस्ट स्थित आउटलेट में करीब 15 प्रतिशत नॉन-कम्प्लायंस पाया गया. यहां खाद्य पदार्थों के स्टोरेज, तापमान की निगरानी, फूड टेस्टिंग, सफाई और पेस्ट कंट्रोल से संबंधित कमियां मिलीं.
FDA ने कच्चे और पके हुए भोजन के साथ-साथ शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग रखने के निर्देश दिए. इसके अलावा खाद्य उपकरणों की नियमित सैनिटाइजेशन और बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया.
R-City Mall आउटलेट में FIFO और FEFO नियमों का उल्लंघन
घाटकोपर वेस्ट के R-City Mall स्थित Domino’s आउटलेट में सफाई, सैनिटाइजेशन शेड्यूल और पेस्ट कंट्रोल से जुड़ी कमियां मिलीं.
जांच के दौरान FDA ने पाया कि खाद्य पदार्थों के स्टोरेज में FIFO (First In, First Out) और FEFO (First Expiry, First Out) जैसे जरूरी नियमों का उचित पालन नहीं किया जा रहा था. इसके अलावा स्टोरेज एरिया में निर्धारित तापमान नियंत्रण की भी कमी पाई गई.
सतारा के मलकापुर आउटलेट में 40% नॉन-कम्प्लायंस
सतारा जिले के मलकापुर, कराड स्थित Domino’s आउटलेट में स्थिति और गंभीर मिली. FDA के मुताबिक यहां करीब 40 प्रतिशत नॉन-कम्प्लायंस पाया गया.
जांच में बुनियादी सुविधाओं, उपकरणों, साफ-सफाई और पेस्ट कंट्रोल से संबंधित कई खामियां सामने आईं. इन कमियों को दूर करने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं.
104 बड़े चेन रेस्टोरेंट्स की हुई जांच
Domino’s के खिलाफ यह कार्रवाई FDA की राज्यव्यापी विशेष खाद्य सुरक्षा जांच मुहिम का हिस्सा है. इस अभियान के तहत Domino’s, KFC, Pizza Hut, McDonald’s, Subway, Burger King, Starbucks और Monginis जैसी प्रमुख फूड चेन के कुल 104 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया.
जांच के बाद:
- 2 प्रतिष्ठानों को कारोबार बंद करने का आदेश दिया गया.
- 95 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए.
- 5 प्रतिष्ठानों के फूड बिजनेस लाइसेंस सस्पेंड किए गए.
FDA की इस कार्रवाई से साफ है कि महाराष्ट्र में खाद्य प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई, खाद्य भंडारण और हाइजीन मानकों को लेकर प्रशासन सख्त रुख अपना रहा है. विशेष जांच अभियान के दौरान प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों के तापमान, स्टोरेज, पेस्ट कंट्रोल, सैनिटाइजेशन और खाद्य सुरक्षा नियमों के अनुपालन पर विशेष जोर दिया जा रहा है.

