सरकारी योजनाओं से मिला संबल, सतेन्द्र सोनी ने फिर खड़ा किया अपना कारोबार

छतरपुर। शासकीय योजनाओं से मिली आर्थिक सहायता ने सतेन्द्र सोनी को कठिन समय में संभलने और अपनी आजीविका को फिर से पटरी पर लाने में संबल प्रदान किया है। सतेन्द्र सोनी ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजना के अंतर्गत 35 हजार रुपये का ऋण प्राप्त कर अपने व्यवसाय की शुरुआत की थी। इस कारोबार के जरिए उनके परिवार की जरूरतें आसानी से पूरी हो रही थीं, लेकिन कोरोना काल में दुकान बंद होने से उनकी आर्थिक स्थिति पूरी तरह प्रभावित हो गई और आजीविका का संकट खड़ा हो गया।

पीएम स्वनिधि योजना बनी सहारा

ऐसे संकट के समय में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना उनके लिए वरदान साबित हुई। योजना के अंतर्गत उन्हें तीन किस्तों में क्रमशः 10 हजार, 20 हजार और 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इस वित्तीय सहायता का सही उपयोग करते हुए उन्होंने अपने बंद पड़े व्यवसाय को दोबारा स्थापित किया और दुकान का विस्तार भी किया। उनके निरंतर प्रयासों से कारोबार फिर से रफ्तार पकड़ने लगा और आय का जरिया मजबूत हो गया।

सुचारु रूप से चल रहा परिवार का भरण-पोषण

वर्तमान में सतेन्द्र सोनी अपनी दुकान के माध्यम से अच्छी आमदनी अर्जित कर रहे हैं और अपने परिवार का भरण-पोषण सुचारु रूप से कर रहे हैं। उनका यह अनुभव दर्शाता है कि छोटे व्यापारियों के लिए आपदा या आर्थिक संकट के समय सरकारी वित्तीय सहायता कितनी मददगार साबित हो सकती है। सही समय पर उचित प्रोत्साहन मिलने से छोटे व्यवसायी दोबारा खड़े होकर अपनी आजीविका सुरक्षित कर सकते हैं।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का जताया आभार

सतेन्द्र सोनी का कहना है कि शासकीय योजनाओं से छोटे व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को बड़ा आर्थिक संबल मिलता है। इससे न केवल नया रोजगार शुरू करने और व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है, बल्कि विपरीत परिस्थितियों से उबरने का संबल भी प्राप्त होता है। उन्होंने इस सहयोग के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है।

Latest news

Related news