भोपाल | केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भोपाल में शनिवार को भेल स्थित दशहरा मैदान में पुलिस प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस दौरान एक विशाल गोपालक सम्मेलन का भी आयोजन किया गया, जिसमें मध्य प्रदेश भर से 35 हजार गोपालक और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्य शामिल हुए। गृहमंत्री ने भोपाल और इंदौर के दुग्ध उत्पादक संघों से जुड़े पशुपालकों को बोनस वितरित किया। इस दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश की जनता को संबोधित करते हुए कई महत्वपूर्ण और बड़ी बातें कहीं।
मध्य प्रदेश को नशामुक्त बनाने का संकल्प
केंद्रीय सहकारिता मंत्री और गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि हम मध्य प्रदेश को पूरी तरह नशामुक्त बनाएंगे। 31 दिसंबर 2029 के बाद आपके बेटे-बेटियों के लिए मध्य प्रदेश में नशे के लिए कोई जगह नहीं होगी और इसी की बारीक प्लानिंग करने के लिए वे आए हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश के अधिकारियों से भी विशेष अपील की है कि वे राज्य को नशामुक्त कराने की इस पहल में अपनी पूरी जिम्मेदारी निभाएं।
शिवपुरी में बनेगा मिनी डेयरी प्लांट और नस्ल सुधार का कार्य
अमित शाह ने जानकारी दी कि भोपाल में 12 करोड़ रुपये की लागत से केंद्रीय प्रयोगशाला बनाई गई है। इसके साथ ही शिवपुरी में एक नया मिनी डेयरी प्लांट बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से 50 एकड़ भूमि की मांग की थी, जिस पर उन्होंने सहमति दे दी है। इस प्लांट में गोवंश और भैंस की नस्ल सुधार का काम किया जाएगा, जिससे गोमाताएं बीमार नहीं होंगी, ज्यादा दूध देंगी और देशी नस्ल का संवर्धन होगा। राज्य सरकार का लक्ष्य दूध के उत्पादन को 50 लाख लीटर तक ले जाने का है।
कांग्रेस पर निशाना और देश में दूध उत्पादन के आंकड़े
इस दौरान अमित शाह ने कांग्रेस पार्टी पर कड़ा निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेसी हमारा विरोध करते हैं और आज मैं उन्हें इसका पूरा हिसाब देने आया हूं। आपने 75 वर्षों में देश में दूध का कुल उत्पादन 14 करोड़ 7 लाख टन पहुंचाया था, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मात्र 10 वर्षों में इसे 25 करोड़ टन तक पहुंचाने का काम किया है। यह इसलिए संभव हो सका है क्योंकि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारें पूरी लगन के साथ काम कर रही हैं। वर्ष 2014-15 में प्रति व्यक्ति दूध उत्पादन 307 ग्राम था, जो अब 58 प्रतिशत बढ़कर 485 ग्राम पर पहुंच चुका है और आज हमारा देश पूरी दुनिया में सबसे अधिक दूध उत्पादन करने वाला देश बन गया है।

