भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार आगामी 9 नवंबर को गोवर्धन पर्व पूरे राज्य में हर्षोल्लास के साथ मनाएगी। इस विशेष अवसर पर प्रदेशभर में गौ-पूजन और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पशुपालकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत वृंदावन गांवों की प्रतियोगिताओं के विजेता पशुपालकों को सम्मानित किया जाएगा।
रवींद्र भवन में आयोजित होगा राज्य स्तरीय मुख्य समारोह
भोपाल स्थित रवींद्र भवन में सोमवार दोपहर 12:30 बजे राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ होगा, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। यह आयोजन पशुपालन एवं डेयरी विभाग, श्रीकृष्ण पाथेय न्यास और संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री राज्य के शीर्ष 10 दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को सांकेतिक रूप से सम्मानित करेंगे, जबकि सभी विजेताओं की पुरस्कार राशि सीधे डीबीटी के जरिए उनके खातों में ट्रांसफर की जाएगी।
उन्नत पशुपालन और गौ-संरक्षण को बढ़ावा देने का लक्ष्य
इस आयोजन का मुख्य ध्येय ग्रामीण क्षेत्रों में गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के माध्यम से पशुपालकों का उत्साहवर्धन करना है। इसके साथ ही गौवंश के संरक्षण-संवर्धन, बेहतर गौपालन प्रथाओं को प्रोत्साहित करने और पशुपालकों को आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करने का लक्ष्य रखा गया है।
उत्कृष्ट पशुपालकों को मिलेंगे नकद पुरस्कार
वृंदावन गांवों में आयोजित प्रतियोगिता में अव्वल आने वाले पशुपालकों को मुख्यमंत्री द्वारा प्रशस्ति पत्र और सम्मान राशि दी जाएगी। प्रतियोगिता के तहत प्रथम स्थान पाने वाले को 1 लाख रुपये, द्वितीय स्थान के लिए 50 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 25 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।
गौशालाओं के लिए 60 करोड़ की अनुदान राशि जारी होगी
गोवर्धन पर्व पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश की 3 हजार से अधिक पंजीकृत गौशालाओं में पल रहे 5.51 लाख से अधिक गौवंश के भरण-पोषण हेतु सितंबर माह की 60 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि सिंगल क्लिक पर ट्रांसफर करेंगे।
प्रदर्शनी और आकर्षक झांकियां बनेंगी मुख्य केंद्र
समारोह स्थल पर पशुपालन एवं डेयरी विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, सफलताओं और नए प्रयोगों पर केंद्रित एक भव्य प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके अतिरिक्त गोवर्धन पूजा के आध्यात्मिक और पौराणिक महत्व को दर्शाती विशेष कलात्मक झांकी भी आगंतुकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी।

