अंबाला: हरियाणा के अंबाला जिले में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआइआर) यानी मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान का एक चरण सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद अब प्रशासन ने अगले महत्वपूर्ण चरण की तैयारियां शुरू कर दी हैं। यदि आपके घर पर भी बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) किसी प्रकार का नोटिस लेकर पहुंचते हैं, तो आपको बिल्कुल भी घबराने या परेशान होने की आवश्यकता नहीं है।
वर्ष 2002 के पुराने आंकड़ों और नए विवरण में अंतर मिलने पर जारी किए जा रहे हैं नोटिस
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यह प्रक्रिया किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई या जुर्माने के लिए नहीं है। दरअसल, वर्ष 2002 के पुराने डेटा बेस और मौजूदा एसआइआर के दौरान भरे गए फॉर्म में नाम, जन्मतिथि, पता या अन्य विवरणों में जो अंतर या भिन्नता पाई गई है, उसे दूर करने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।
डाटा दुरुस्त करने के लिए देना होगा कोई भी एक वैध और संबंधित पहचान दस्तावेज
मतदाता सूची में दर्ज त्रुटियों को सुधारने के उद्देश्य से नागरिकों को केवल एक ऐसा वैध दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा, जिससे नाम, पता, जन्मतिथि या माता-पिता के नाम में आ रही अशुद्धि को आसानी से ठीक किया जा सके। इस प्रक्रिया से वोटर कार्ड पूरी तरह अपडेट और त्रुटिरहित हो जाएगा।
स्कूलों में तैनात सभी बीएलओ और सुपरवाइजर कार्यमुक्त, घर-घर जाकर थमाएंगे नोटिस
प्रशासन ने इस अभियान को तेजी से पूरा करने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं, जिसके तहत स्कूलों में अध्यापन या अन्य कार्यों में लगे सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और सुपरवाइजरों को उनके मूल कार्य से कार्यमुक्त कर दिया गया है। अब ये सभी कर्मचारी फील्ड में उतरकर उन मतदाताओं के घरों तक जाएंगे जिनके डेटा में अंतर है और उन्हें नोटिस सौंपकर सुधार प्रक्रिया पूरी कराएंगे।

