नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्व दिल्ली के कालिंदी कुंज थाना इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक युवक ने शराब पीने से रोकने पर अपनी पत्नी की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी करीब 12 घंटे से अधिक समय तक मृतका के शव के साथ ही कमरे में सोता रहा। अगले दिन दोपहर में जब उसकी नींद खुली, तो उसने इस हत्या को आत्महत्या का रूप देने की नाकाम कोशिश की। हालांकि, कालिंदी कुंज थाना पुलिस की सघन पूछताछ के आगे उसकी यह होशियारी धरी की धरी रह गई और पुलिस ने उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। इस बीच, मृतका निशा प्रवीण के परिजनों और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने घटना को लेकर थाने का घेराव करते हुए गंभीर आरोप लगाए थे, लेकिन अब पुलिस की विस्तृत तफ्तीश पूरी हो चुकी है।
जिला पुलिस के आला अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मृतका के मायके वालों द्वारा लगाए गए सामूहिक दुष्कर्म और सांप्रदायिक एंगल के आरोप जांच में पूरी तरह निराधार पाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के अनुसार, महिला के साथ किसी भी प्रकार का यौन उत्पीड़न या मारपीट नहीं हुई थी। पुलिस के मुताबिक, यह घटना जैतपुर क्षेत्र में पिछले हफ्ते घटित हुई थी। मदनपुर खादर की फेज-2 जेजे कॉलोनी के रहने वाले अंकित (25) ने 23 अगस्त 2025 को पड़ोस में ही रहने वाली निशा (19) के साथ प्रेम विवाह किया था। घटना वाली रात यानी 5 और 6 जून के बीच, अंकित अपने घर के बाहर दोस्तों संग मदिरापान कर रहा था, जिसका निशा ने विरोध किया था।
शराब के विवाद में रातभर चला क्लेश
जब अंकित देर रात 12 बजे तक भी घर नहीं लौटा, तो निशा उसे दोबारा बुलाने गई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच सड़क पर ही कहासुनी शुरू हो गई, जो घर पहुंचने के बाद और उग्र हो गई। दोनों के बीच रातभर विवाद चलता रहा और इसी बीच तड़के करीब दो बजे गुस्से में आकर अंकित ने निशा का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। नशे में धुत होने के बावजूद अंकित को इस बात का अहसास था कि निशा की जान जा चुकी है, फिर भी वह शव के बगल में ही सो गया।
मनगढ़ंत कहानी और खुदकुशी का ड्रामा
अगले दिन दोपहर लगभग दो बजे जब आरोपी सोकर उठा, तो उसने कानून से बचने के लिए साजिश रची। उसने कमरे के पंखे से निशा की चुन्नी बांधी और फिर घर के बाहर भागकर जोर-जोर से चीखने लगा कि उसकी पत्नी ने फांसी लगा ली है। उसने पड़ोसियों के सामने यह नाटक किया कि उसने खुद निशा को फंदे से नीचे उतारा है और इसके बाद वह फूट-फूट कर रोने का ढोंग करने लगा।
अधिकारियों की जांच में खुला मर्डर का राज
घटना की जानकारी मिलते ही कालिंदी कुंज थाना पुलिस और एसडीएम ने मामले की जांच शुरू की। शुरुआत में खुदकुशी का ढोंग कर रहे अंकित से जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में भी दम घुटने से मौत होने की बात सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया। अब अंकित के दोस्तों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने इस मामले की फाइल बंद कर दी है, जिसमें अंकित के अलावा किसी और की संलिप्तता नहीं मिली है।

