नई दिल्ली। सीजेपी ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार किया है, जिस पर सीजेपी ने सवाल उठाए हैं। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक सौरव दास ने बुधवार को दिल्ली पुलिस को 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन की औपचारिक सूचना दी। पार्टी इस प्रदर्शन के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करने वाली है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। सौरव दास ने संसद मार्ग थाने में पत्र सौंपकर पुलिस को प्रदर्शन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने पुलिस को औपचारिक रूप से सूचित कर दिया है, ताकि बाद में यह विवाद न हो कि प्रदर्शन के बारे में पुलिस को जानकारी दी गई थी या नहीं। दास ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान सीजेपी पुलिस के साथ सहयोग करेगी और उसे भी पुलिस से इसी तरह के सहयोग की उम्मीद है। सौरव दास अपने समर्थकों के साथ आज बुधवार को संसद मार्ग पुलिस स्टेशन थाने गए और पुलिस को आगामी प्रोटेस्ट की सूचना दी। लेकिन पुलिस ने इनकार कर दिया। जिसके बाद उन्होंने बाहर मीडिया से कहा कि पिछले कॉकरोच प्रोटेस्ट के बाद से दिल्ली पुलिस के अधिकरी उनसे नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन होगा और पूरे देश से लोग आ रहे हैं। पुलिस की ओर से प्रदर्शन की अनुमति नहीं दिए जाने पर सौरव दास ने जंतर-मंतर जैसे निर्धारित प्रदर्शन स्थल पर प्रदर्शन के लिए पुलिस की ‘अनुमति’ की जरूरत पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि पुलिस की भूमिका प्रदर्शन की अनुमति देने या रोकने के बजाय प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और ट्रैफिक को नियंत्रित करने की होनी चाहिए।

