दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में आठवीं कक्षा की एक मासूम छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका अपने चाचा के साथ स्कूटी पर सवार होकर स्कूल जा रही थी, तभी रास्ते में एक तेज रफ्तार डीटीसी (DTC) बस ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस भयानक हादसे के बाद आरोपी बस चालक मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाद में गिरफ्तार कर लिया है।
दल्लूपुरा रोड पर सुबह के वक्त हुआ हादसा
यह दर्दनाक घटना दल्लूपुरा रोड पर आज सुबह करीब आठ बजे हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छात्रा स्कूटी से नीचे गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी कार्रवाई के लिए एलबीएस (LBS) अस्पताल भेज दिया है।
फरार हुए बस चालक की पहचान एसके मुराद के रूप में की गई है। पुलिस ने पूछताछ में बताया कि मुराद हादसे के बाद डर की वजह से मौके से भाग निकला था, लेकिन पुलिस दल ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे धर दबोचा। फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया और जांच में जुटी हुई है।

