इंडियन एयरफोर्स मैराथन-2026 को मिली हरी झंडी, 11 बजे तक बदला रहेगा ट्रैफिक

दिल्ली| दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम (जेएलएन स्टेडियम) से इंडियन एयरफोर्स मैराथन-2026 की शुरुआत हो चुकी है। एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर इस मैराथन का शुभारंभ किया। इस बड़े आयोजन के चलते जेएलएन स्टेडियम और लोधी रोड के आसपास की यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव किए गए हैं। मैराथन का आयोजन सुबह पाँच बजे से ग्यारह बजे तक किया जा रहा है। इस दौरान भीष्म पितामह मार्ग स्थित जेएलएन स्टेडियम के गेट नंबर-1, लोधी रोड पर बीपी मार्ग से मदरसा टी-प्वाइंट और अरबिंदो मार्ग तक वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित रखा गया है।

यातायात डायवर्जन और वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था

यातायात पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, डिफेंस कॉलोनी सर्किल के आसपास के इलाकों में वाहनों को सुचारू रूप से निकालने के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्गों का उपयोग किया जा रहा है। सेवा नगर फ्लाईओवर के नीचे, कोटला रेड लाइट, सेवा नगर रेड लाइट, मेहरचंद मार्केट तथा एंड्रयूज गंज चौक से यातायात को पूरी तरह से डायवर्ट किया गया है, ताकि आम नागरिकों को जाम का सामना न करना पड़े।

पार्किंग और वीआईपी वाहनों के लिए निर्धारित स्थान

मैराथन में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों और दर्शकों के लिए स्कोप कॉम्प्लेक्स, दयाल सिंह कॉलेज, सुनहरी पुला और सेवा नगर बस डिपो के परिसर में वाहन पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, वीआईपी वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था जेएलएन स्टेडियम के गेट नंबर सात से नौ के अंदर सुनिश्चित की गई है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मैराथन मार्ग पर सड़क के किनारे किसी भी वाहन को खड़ा करने की अनुमति नहीं दी गई है।

Latest news

Related news