उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद बहराइच को विकास की बड़ी सौगात दी है. सीएम योगी CM Yogi ने बहराइच में ₹352 करोड़ से अधिक की लागत वाली 70 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इन परियोजनाओं में ग्रामीण सड़कों का सुदृढ़ीकरण, पेयजल योजनाएं, स्वास्थ्य केंद्रों का आधुनिकीकरण और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने वाले बुनियादी ढांचे शामिल हैं, जो स्थानीय निवासियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाएंगे. इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की तारीफ की और साथ ही स्थानीय लोगों को एक बड़ी चेतावनी भी दी.
मच्छर और माफिया का खात्मा, अब वन्य जीवों की चुनौती
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने उत्तर प्रदेश से मच्छर और माफिया दोनों का सफाया कर दिया है. हालांकि, बरसात के मौसम को देखते हुए उन्होंने बहराइच के कतर्नियाघाट और आसपास के इलाकों में सक्रिय वन्य जीवों से सावधान रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि मगरमच्छ, लकड़बग्घा, तेंदुए और बाघ के कारण होने वाली जनहानि बेहद कष्टदायक है.
प्रशासन को CM Yogi का निर्देश: गरीबों को तुरंत दें सुरक्षित घर
मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए सीएम योगी ने वन विभाग और जिला प्रशासन को पेट्रोलिंग बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए. इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन ग्रामीणों के घरों में दरवाजे नहीं हैं, उन्हें चिन्हित कर सुरक्षित पक्के मकान दिए जाएं ताकि जंगली जानवर घर में न घुस सकें.
आत्मरक्षा के लिए डंडा रखने की सलाह
मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि वे संवेदनशील इलाकों में छोटे बच्चों को न जाने दें. रात के समय बाहर निकलने से बचें और जब भी बाहर जाएं, आत्मरक्षा के लिए हाथ में एक मजबूत डंडा जरूर रखें. उन्होंने कहा कि जैव विविधता और पर्यावरण नियमों के कारण वन्य जीवों को मारा नहीं जा सकता, इसलिए मनुष्यों की सुरक्षा के लिए खुद सतर्क रहना सबसे महत्वपूर्ण है.
ये भी पढ़ें-सोनभद्र की वनवासी महिलाएं बना रही हर्बल साबुन, योगी सरकार के ‘नेचुरल बायो-इकोनॉमी…

