पौधरोपण महायज्ञ’ के लिए हर जिले में उतारे गये बड़े अफसर,12 जुलाई को CM योगी गोरखपुर से करेंगे शुभारंभ

UP Plantation Mahayagya 2026 लखनऊ : उत्तर प्रदेश में 12 जुलाई को आयोजित होने वाले पौधरोपण महायज्ञ-2026 को ऐतिहासिक बनाने के लिए योगी सरकार ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं. अभियान के सफल संचालन के लिए शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों को सभी जिलों का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है. ये अधिकारी संबंधित जिलों में पहुंचकर केंद्र और प्रदेश सरकार के मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों तथा वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर पौधरोपण अभियान को सफल बनाएंगे.

UP Plantation Mahayagya 2026:गोरखपुर से सीएम करेंगे  शुभारंभ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 12 जुलाई को गोरखपुर से पौधरोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ करेंगे. गोरखपुर में खेल सचिव सुहास एलवाई को नोडल अधिकारी बनाया गया है. वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी शंभू कुमार अभियान की कमान संभालेंगे.

इन प्रमुख जिलों में इन अफसरों को मिली जिम्मेदारी

सरकार ने कई वरिष्ठ अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिलों की जिम्मेदारी सौंपी है.

  • प्रयागराज – प्रमुख सचिव (सहकारिता) अजय कुमार शुक्ल
  • सहारनपुर – प्रमुख सचिव (कृषि) रविंद्र
  • लखनऊ – प्रमुख सचिव (नियुक्ति) एम. देवराज
  • बस्ती – सचिव खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन डॉ. रोशन जैकब
  • जौनपुर – महानिदेशक मत्स्य धनलक्ष्मी के.
  • बलिया – परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन
  • बहराइच – प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद रणवीर प्रसाद
  • अयोध्या – प्रमुख सचिव स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन अमित गुप्ता

पश्चिमी यूपी से लेकर बुंदेलखंड तक अफसरों की तैनाती

आगरा में प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम, फिरोजाबाद में संयुक्ता समद्दार, बरेली में सौरभ बाबू, शाहजहांपुर में मनीष चौहान, मुरादाबाद में अनिल कुमार तृतीय, मेरठ में अजय चौहान तथा गाजियाबाद में कामिनी रतन चौहान को नोडल अधिकारी बनाया गया है.

इसके अलावा रायबरेली, उन्नाव, सीतापुर, कानपुर नगर, कन्नौज, नोएडा और बागपत सहित प्रदेश के सभी जिलों में शासन के वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की गई है.

हर जिले में रहेगा प्रशासन और वन विभाग का समन्वय

सरकार के अनुसार नोडल अधिकारी संबंधित जिलों में पहुंचकर पौधरोपण महायज्ञ की तैयारियों की निगरानी करेंगे. वे जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और वन विभाग के बीच समन्वय स्थापित करेंगे ताकि अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जा सके.

योगी सरकार का लक्ष्य इस अभियान को केवल वृक्षारोपण तक सीमित न रखकर जनआंदोलन का स्वरूप देना है, जिससे पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तर प्रदेश के संकल्प को नई गति मिल सके.

Latest news

Related news