दिल्ली : दिल्ली के अंतराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बने एयरोसिटी के एक होटल (jw marriott Aerocity) में महिला के साथ बदसलूकी और उनको पैसों के लिए कथित तौर पर बंधक बनाने का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद 11 अप्रैल को इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है और मामले की जांच की जा रही है.


6 दिन के इवेंट के लिए 55 लाख की एडवांस पेमेंट
अभी तक जांच में सामने आया था कि महिला ने होटल (jw marriott Aerocity) में एक इवेंट के चलते बुकिंग कराई थी. होटल 6 दिन के लिए बुक किया गया था. होटल (jw marriott Aerocity) को इन महिला से कुछ पैसे लेने थे. इन्होंने अपने इवेंट के लिए करीब 55 लाख रुपए एडवांस भी दिए थे. 22 दिसंबर 2022 को हुए इवेंट के बाद महिला और उसकी टीम की तरफ से कहा गया कि होटल में सर्विस और खाने की क्वालिटी अच्छी नहीं थी, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच में बहस हुई.
बिल सेटेलमेंट के लिए होटल ने बंधक बनाया- महिला का आरोप
55 वर्षीय महिला का आरोप है कि बहस के दौरान लगातार उनके साथ बदसलूकी की जाती रही. यहां तक की उन्हें होटल में बंधक बनाकर रखा गया और निगरानी के लिए दो मेल स्टाफ लगाये गये. महिला का आरोप है कि होटल का मेल स्टाफ उनके साथ वॉशरूम तक गया. जब तक वो बाथरुम के अंदर रही, मेल स्टॉफ वॉशरूम के बाहर खड़ा रहा.
पैसा देने से बचने के लिए महिला लगा रही है आरोप- होटल प्रबंधन
पुलिस ने बताया कि जो आरोप लगाया गया है, वह विवाद 31 दिसंबर 2022 और 1 जनवरी 2023 का बताया जा रहा है, जिसकी शिकायत पुलिस को देर से मिली और शिकायत मिलते ही पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है. फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है. महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने एयरोसिटी के JW MARRIOT होटल में बुकिंग कराई थी.वहीं होटल की तरफ से ऐसे किसी आरोप से इंकार किया गया है. होटल का कहना है कि महिला पैसा देने से बचने के लिए गलत आरोप लगा रही है. पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है.जांच जारी है.

