पटना : देश में कई त्योहार ऐसे होते हैं जिसमें पूरे देश में, दफ्तरों में छुट्टी होती है. सरकारी भाषा में इन्हें गजटेड होलीडे भी कहते हैं क्योंकि इन छुट्टियों को गजट में शामिल किया जाता है. ऐसा ही एक पर्व है मुहर्रम Muharram. Muharram इस बार 29 जुलाई को मनाया जाएगा. इस मौके पर देश के सारे सरकारी और प्राइवेट दफ्तर और प्रतिष्ठान बंद रहेंगे लेकिन बिहार के ट्रेनी शिक्षकों को इस दिन भी छुट्टी नहीं मिलेगी.
Muharram की नहीं मिलेगी छुट्टी
दरअसल बिहार शिक्षा विभाग के राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद यानी SCERT ने ये आदेश जारी किया है. इस सरकारी आदेश में कहा गया है कि बिहार में ट्रेनिंग ले रहे शिक्षकों को मुहर्रम की छुट्टी नहीं मिलेगी. SCERT ने बीआरसी समेत सभी केंद्रों पर चल रहे शिक्षक प्रशिक्षण को 29 जुलाई को भी जारी रखने का आदेश दिया है. ट्रेनिंग संस्थान के प्राचार्यों को कहा गया है कि 29 जुलाई को प्रशिक्षण का कार्यक्रम बंद ना करें. उस दिन किसी को कोई छुट्टी नहीं मिलेगी.
बिहार सरकार ने छुट्टी की कर दी है घोषणा
आपको बता दें कि बिहार सरकार ने पहले ही मुहर्रम की छुट्टी की घोषणा कर दी है. बिहार सरकार की घोषणा के अनुसार 29 जुलाई को सभी सरकारी दफ्तर और संस्थान बंद रहेंगे. इसके बाद SCERT ने ये नया आदेश जारी कर दिया है. अभी तक कोई ये नहीं समझ पाया है कि बिहार सरकार का आदेश माना जाय या SCERT के आदेश को. इससे पहले भी शिक्षकों को लेकर तरह तरह के नियम कायदे से विभाग परेशान था. अब SCERT के इस नए आदेश ने मुसीबत और बढ़ा दी है.

