IRCTC लाया है 7 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का महा-पैकेज, बेहद कम खर्च में पूरी होगी पावन यात्रा

Jyotirlinga Yatra 2026 :  धर्म और अध्यात्म की नगरी भारत में शिव भक्तों के लिए भारतीय रेलवे से एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. भारतीय रेलवे की पर्यटन शाखा IRCTC ने श्रद्धालुओं की सुविधा और आस्था को ध्यान में रखते हुए ‘भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन‘ के जरिए 7 ज्योतिर्लिंगों की यात्रा के लिए विशेष पैकेज लॉन्च किया है. इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य देश के आम नागरिकों को एक ही सफर में प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराना और तीर्थ यात्रा को सुलभ व किफायती बनाना है.

Jyotirlinga Yatra 2026 : 11 रात और 12 दिन मे पूरी होगी यात्रा  

यह पावन आध्यात्मिक सफर 27 अप्रैल 2026 को गोरखपुर से शुरू होगी. 11 रात और 12 दिनों की इस लंबी यात्रा के दौरान भक्तों को भगवान शिव के अति प्राचीन और महिमामयी ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा. इस विशेष ट्रेन के जरिए यात्री उज्जैन के महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, सोमनाथ, नागेश्वर, भीमाशंकर, त्र्यंबकेश्वर और घृष्णेश्वर मंदिर में मत्था टेक सकेंगे. यह यात्रा न केवल धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण है, बल्कि श्रद्धालुओं के मन पर एक गहरा आध्यात्मिक प्रभाव भी छोड़ती है.

 हर तरह के भक्तों को लिए पैकेज की व्यवस्था 

IRCTC ने इस पैकेज को इस तरह डिजाइन किया है कि यात्रियों को सफर के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और उनकी पॉकेट पर बोझ भी ना बढ़े. पैकेज में यात्रियों के ठहरने, सात्विक भोजन की व्यवस्था और स्थानीय पर्यटन के लिए बस सेवा का जिम्मा भी रेलवे का ही होगा. साथ ही, हर कदम पर मार्गदर्शन के लिए गाइड की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी. यह उन लोगों के लिए एक सुनहरा अवसर है जो कम समय और सीमित बजट में अधिक से अधिक धार्मिक स्थलों का भ्रमण करना चाहते हैं.

भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के तहत रेलवे देश की सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक स्थलों को ‘थीम बेस्ड टूर’ के जरिए जोड़ रहा है. यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में अलग-अलग कोच श्रेणियां रखी गई हैं। यदि आप बजट यात्रा करना चाहते हैं तो ‘इकोनॉमी’ (स्लीपर क्लास) का विकल्प चुन सकते हैं, जिसका किराया 21,150 रुपये से 24,100 रुपये के बीच है. वहीं, ‘स्टैंडर्ड’ (3AC) श्रेणी के लिए 36,700 से 40,890 रुपये और ‘कंफर्ट’ (2AC) के लिए 48,600 से 54,390 रुपये तक का शुल्क निर्धारित किया गया है.

आस्था और पर्यटन का यह अनूठा संगम न केवल श्रद्धालुओं के लिए लाभकारी है, बल्कि देश के पर्यटन क्षेत्र को भी नई मजबूती दे रहा है. अगर आप भी इस दिव्य यात्रा का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट www.irctctourism.com या www.bharatgaurav.irctc.co.in पर जाकर अपनी सीट बुक कर सकते हैं. इसके अलावा, IRCTC ऐप या अधिकृत एजेंटों के माध्यम से भी बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है. अपनी टिकट कन्फर्म करें और निकल पड़ें महादेव के दर्शन के इस अद्भुत सफर पर.

Latest news

Related news