India T20 Team 2026 नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शनिवार को एक ऐसा फैसला लिया है जिसने क्रिकेट जगत में खलबली मचा दी है. बीसीसीआई ने आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज, इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज और आगामी 2026 एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम का एलान कर दिया है. इस टीम सलेक्शन में पांच बेहद चौंकाने वाले और बड़े बदलाव देखने को मिले हैं, जिसमें सबसे बड़ा झटका ‘वर्ल्ड चैंपियन’ कप्तान सूर्यकुमार यादव को लगा है.
🎥 Mr Ajit Agarkar, Chairperson of Men’s Selection Committee on the conversation with Surya Kumar Yadav ahead of #TeamIndia‘s T20I squad selection. pic.twitter.com/HVCnMzoMC7
— BCCI (@BCCI) June 6, 2026
India T20 Team 2026 : श्रेयस अय्यर संभालेंगे कमान, तिलक वर्मा बने उपकप्तान
आईपीएल में अपनी शानदार कप्तानी का लोहा मनवाने वाले श्रेयस अय्यर के कंधों पर अब भारतीय टी20 टीम की जिम्मेदारी सौंप दी गई है. अय्यर को सूर्यकुमार यादव की जगह टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है. कप्तानी के साथ-साथ उपकप्तानी में भी बदलाव हुआ है; ऑलराउंडर अक्षर पटेल की जगह अब तिलक वर्मा को टीम का नया उपकप्तान बनाया गया है. हालांकि, अक्षर पटेल टीम में बने हुए हैं.
15 साल के वैभव सूर्यवंशी की ‘तूफानी’ एंट्री
इस सिलेक्शन की सबसे बड़ी और खूबसूरत खबर 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर है. आईपीएल 2026 में अपनी आतिशी बल्लेबाजी से कोहराम मचाने वाले वैभव को आयरलैंड, इंग्लैंड सीरीज और एशियन गेम्स तीनों के लिए टीम इंडिया का टिकट मिल गया है. वैभव ने आईपीएल 2026 में कमाल का प्रदर्शन करते हुए 16 मैचों में 237 के हैरतअंगेज स्ट्राइक रेट से 776 रन कूटे थे और ऑरेंज कैप अपने नाम की थी.
सूर्यकुमार यादव की छुट्टी, फैंस हैरान
अपनी कप्तानी में भारत को हाल ही में 2026 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जिताने वाले सूर्यकुमार यादव को लेकर सिलेक्टर्स ने सबसे कठोर फैसला लिया है. सूर्या को कप्तानी से हटाने के साथ-साथ टीम से भी ड्रॉप कर दिया गया है. उन्हें आगामी किसी भी सीरीज या एशियन गेम्स की टीम में जगह नहीं मिली है. माना जा रहा है कि वर्ल्ड कप के बाद बल्ले से लगातार खराब फॉर्म उनके खिलाफ गई है.
रफ्तार के सौदागर प्रिंस यादव पर भरोसा
आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की तरफ से खेलते हुए अपनी तेज रफ्तार और सटीक लाइन-लेंथ से दिग्गजों को परेशान करने वाले गेंदबाज प्रिंस यादव को सिलेक्टर्स ने बड़ा इनाम दिया है. प्रिंस को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया है.
हर्षित राणा की वापसी, बुमराह खेलेंगे एशियन गेम्स
गेंदबाजी आक्रमण को मजबूत करने के लिए तेज गेंदबाज हर्षित राणा की टीम में वापसी हुई है. हर्षित चोट (इंजरी) के कारण आईपीएल 2026 से बाहर हो गए थे, लेकिन अब वे पूरी तरह फिट हैं. इसके अलावा, दिग्गज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आयरलैंड और इंग्लैंड सीरीज के लिए आराम दिया गया है, लेकिन वे 2026 एशियन गेम्स में भारतीय टीम का हिस्सा बनकर मैदान पर उतरेंगे.
बीसीसीआई के इस बड़े रिबूट (Reboot) से यह साफ है कि बोर्ड अब भविष्य की टी20 टीम तैयार करने की ओर देख रहा है. श्रेयस अय्यर की कप्तानी और वैभव जैसे युवाओं के दम पर टीम इंडिया का यह नया रूप कितना सफल होता है, यह देखना दिलचस्प होगा.

