Uttarakhand Police Recruitment देहरादून: उत्तराखंड में पुलिस बल को मजबूत करने और महिलाओं को रोजगार के बेहतर अवसर देने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बड़ा और अहम फैसला लिया है। सीएम धामी ने जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों की संख्या वर्तमान 526 से बढ़ाकर 2000 किए जाने के प्रस्ताव को अपनी मंजूरी दे दी है। इस ऐतिहासिक फैसले के तहत अन्य संवर्गों एवं शाखाओं के स्वीकृत पदों से 1474 अतिरिक्त पद समायोजित किए जाएंगे।
बिना वित्तीय भार के हुआ समायोजन
कार्मिक विभाग द्वारा इस संबंध में बिना किसी अतिरिक्त वित्तीय भार के और कुल स्वीकृत पदों की संख्या में वृद्धि किए बिना सहमति व्यक्त की गई है। इसके तहत वर्तमान में कार्यरत 1210 अधिसंख्य महिला आरक्षियों के समायोजन और भविष्य में उनकी पदोन्नति के रास्ते आसान करने के लिए उच्चतर पदों के पुनर्गठन का अलग से प्रस्ताव उपलब्ध कराने की शर्त रखी गई है।
महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण को बढ़ावा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस निर्णय पर मुहर लगाते हुए कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने और पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए उनकी सरकार निरंतर प्रयासरत है। सरकार का मुख्य उद्देश्य महिला पुलिस कर्मियों को सेवा के बेहतर अवसर देने के साथ ही उनके भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाना है।
इस फैसले से न सिर्फ महिला आरक्षियों के पदों में भारी वृद्धि होगी, बल्कि लंबे समय से चली आ रही उनके समायोजन और पदोन्नति की उम्मीदों को भी नया पंख मिलेगा।

