Uttarakhand BJP’s Mission 2027 :उत्तराखंड में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं. नई दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में हुई हाई लेवल बैठक में पार्टी ने चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने की दिशा में कई अहम फैसले लिए. बैठक में खास तौर पर पिछली बार हारी 23 विधानसभा सीटों पर जीत सुनिश्चित करने और Gen Z (जेन-जी) मतदाताओं को जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया.
बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.
Uttarakhand BJP’s Mission 2027: हारी हुई सीटों पर खास नजर
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि पिछली बार हारी 23 सीटों के लिए मुख्यमंत्री, सांसदों, मंत्रियों और वरिष्ठ संगठन पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.
- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को खटीमा सीट की जिम्मेदारी दी गई है.
- सांसद अनिल बलूनी को बदरीनाथ विधानसभा सीट पर फोकस करने का दायित्व मिला है.
- प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को पिरान कलियर सीट की जिम्मेदारी दी गई है.
- इसी तरह अन्य 20 सीटों के लिए भी अलग-अलग वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है.
Gen Z को साधने पर रहेगा विशेष जोर
बैठक में युवाओं, विशेषकर Gen Z मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने के लिए विधानसभा स्तर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया.
सूत्रों के अनुसार, हाल के छात्र आंदोलनों और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को देखते हुए भाजपा युवा मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है.
सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
केंद्रीय नेतृत्व ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखा जाए. साथ ही सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाने को कहा गया.
बैठक में पुराने कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय करने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया.
खेमेबाजी से बचने के निर्देश
कोर ग्रुप की बैठक में केंद्रीय नेतृत्व ने साफ संदेश दिया कि चुनाव से पहले किसी भी स्तर पर गुटबाजी या खेमेबाजी नहीं होनी चाहिए. नेताओं को सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने और जनता की नाराजगी दूर करने के लिए लगातार जनसंपर्क बढ़ाने के निर्देश दिए गए.
नेताओं को मिले सात प्रमुख निर्देश
बैठक में संगठन और प्रदेश सरकार के लिए सात प्रमुख दिशा-निर्देश तय किए गए—
- एकजुटता और समन्वय के साथ जमीनी स्तर पर काम करना.
- हर बूथ को लक्ष्य बनाकर संगठन को मजबूत करना.
- सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना.
- सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखना.
- युवाओं, विशेषकर Gen Z, को जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाना.
- किसी भी स्तर पर खेमेबाजी से बचना.
- जनता की नाराजगी दूर कर लाभार्थी सम्मेलन और जनसंपर्क अभियान तेज करना.
चुनावी मोड में भाजपा
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में अब छह महीने से भी कम समय बचा है. ऐसे में भाजपा ने मिशन मोड में चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं. पार्टी का लक्ष्य लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी करना है, जिसके लिए संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और युवाओं के बीच मजबूत पकड़ बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.

