राजभवन से झांसी तक योग की गूंज, राज्यपाल और सीएम योगी ने किया अभ्यास

Uttar Pradesh Yoga Day : लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस वर्ष योग दिवस को एक विशेष उद्देश्य के साथ ‘स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग’ की थीम पर आयोजित किया गया है। सुबह से ही राज्य के कोने-कोने में योग कार्यक्रमों की धूम देखने को मिली, जिसमें आम जनता से लेकर बड़े नेताओं तक ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. राजधानी लखनऊ में स्थित राजभवन के लॉन में सुबह 6 बजे एक भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने खुद शामिल होकर योग किया और लोगों को अच्छी सेहत का संदेश दिया.

Uttar Pradesh Yoga Day: झांसी में मुख्यमंत्री ने किया योगाभ्यास

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बार झांसी में आयोजित मुख्य योग कार्यक्रम में शिरकत की और वहां मौजूद जनसैलाब के साथ योगाभ्यास किया। इस खास अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि उनके प्रयासों की बदौलत ही आज भारत की इस महान प्राचीन परंपरा और अनमोल विरासत को वैश्विक स्तर पर एक नई और मजबूत पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के सामने एक ऐसा विजन रखा है, जिससे 140 करोड़ भारतीय दुनिया के सामने गर्व से खड़े हो सकते हैं और साथ मिलकर ‘विकसित भारत’ के सपने को सच कर सकते हैं।

‘योग से निरोग’ अभियान में जुटे दिग्गज

विश्व योग दिवस के मौके पर भारतीय जनता पार्टी पूरे प्रदेश में ‘योग से निरोग’ का नारा बुलंद कर रही है और हर नागरिक को इस स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने की कोशिश में जुटी है। इसी अभियान के तहत प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने महाराजगंज में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ योग किया। इसके साथ ही राजनीति के कई अन्य बड़े चेहरों ने भी अलग-अलग जिलों में कमान संभाली, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने हापुड़ में, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने लखनऊ के राजाजीपुरम में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया। इस महाभियान में प्रदेश सरकार के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, मेयर और नगर निकाय के जनप्रतिनिधियों से लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं तक ने स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर योग को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया।

Latest news

Related news