अमेरिका में हिंदू मंदिर पर गोलीबारी की साजिश पर भड़का भारत,MEA ने कहा-चिंताजनक

US Temple Attack Plot नई दिल्ली : अमेरिका के इलिनॉय राज्य में एक प्रमुख हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर गोलीबारी (मास शूटिंग) करने की साजिश का खुलासा हुआ है. भारत सरकार ने इस साजिश की कड़े शब्दों में निंदा की है. भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बयान जारी करते हुए कहा कि अमेरिका के ऑरोरा इलाके स्थित मंदिर पर हमले की खबर बेहद चिंताजनक है और इसके पीछे की नफरती, नस्लवादी व भारत विरोधी मानसिकता परेशान करने वाली है.

विदेश मंत्रालय ने जताई गहरी चिंता

विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि ‘अमेरिका के इलिनॉय राज्य में ऑरोरा इलाके के एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर की जाने वाली गोलीबारी की साजिश की खबरों से भारत बहुत चिंतित है.’ विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस तरह की नस्लवादी सोच और हिंसा की मंशा बेहद गंभीर विषय है.

भारत ने अमेरिकी प्रशासन से अपील की है कि:

  • इस पूरे मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच की जाए.

  • आरोपी और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाए.

  • अमेरिका में रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं.

विदेश मंत्रालय के अनुसार, अमेरिका में भारतीयों के खिलाफ बढ़ती नफरत और नस्ली भेदभाव एक गंभीर मुद्दा बनता जा रहा है, जिस पर ज़ीरो टॉलरेंस (बिल्कुल बर्दाश्त न करने) की नीति अपनाने की जरूरत है.

19 साल का आरोपी गिरफ्तार,नफरती खत बरामद

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, ऑरोरा इलाके में स्थित मंदिर को निशाना बनाने की साजिश के आरोप में 19 साल के युवक अलेक्जेंड्रोस पापोरकिस (Alexandros Paporakis) को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी पैलेटाइन इलाके का रहने वाला है.

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के पास से एक नफरती पत्र बरामद हुआ है, जिसमें ‘व्हाइट सुप्रीमेसी’ (श्वेत श्रेष्ठता) की विचारधारा के साथ-साथ भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा फैलाने जैसी बातें लिखी हुई थीं. पुलिस की सतर्कता से यह बड़े पैमाने पर होने वाली गोलीबारी की साजिश नाकाम हो सकी.

सहकर्मी को दिया था नक्शा, टैको बेल में करता था काम

अमेरिकी पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अलेक्जेंड्रोस पापोरकिस एक टैको बेल रेस्टोरेंट में कैशियर के रूप में काम करता है. पुलिस को उसकी इस साजिश की जानकारी एक खबरी/शिकायतकर्ता के माध्यम से मिली.

  • आरोपी ने शिकायतकर्ता के साथ मास शूटिंग का एक पूरा नक्शा शेयर किया था.

  • इस प्लान में राइफल, मैगजीन, बॉडी आर्मर और अन्य सैन्य उपकरणों की तस्वीरें भी शामिल थीं.

  • आरोपी ने अपने साथ काम करने वाले कर्मचारियों से कहा था कि “रविवार का दिन बहुत खास होने वाला है.”

पुलिस जां0च में यह भी सामने आया कि रविवार की सुबह आरोपी ने अपने एक सहकर्मी को फोन करके बताया था कि उसकी बंदूक फंस गई थी, जिसके कारण वह बिना किसी की नजर में आए वहां से तेजी से निकल आया था। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है.

Latest news

Related news