UP Police Vacancy लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के युवाओं के लिए एक बड़ी घोषणाकी है. सीएम योगी ने ऐलान किया है कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड इस वर्ष लगभग 1 लाख नई भर्तियां करने जा रहा है. इस घोषणा के बाद सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों में उत्साह की लहर दौड़ गई है.
UP Police Vacancy : इन पदों पर होगी बंपर भर्ती
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इन 1 लाख भर्तियों में केवल सिविल पुलिस ही नहीं, बल्कि विभिन्न विभागों को शामिल किया गया है। इसमें:
सिविल पुलिस (आरक्षी)
सब-इंस्पेक्टर (SI)
होमगार्ड (41 हजार से ज्यादा पद)
अन्य विशेष पुलिस पद
सीएम ने बताया कि होमगार्ड विभाग में भी 41,000 से अधिक भर्तियों के लिए परीक्षा संपन्न हो चुकी है, जो राज्य के सुरक्षा ढांचे को और मजबूत करेगी.
ट्रेनिंग क्षमता में ऐतिहासिक सुधार
सीएम योगी ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में पुलिस ट्रेनिंग की क्षमता बेहद कम थी। उन्होंने कहा, “9 साल पहले हमारे पास मात्र 3,000 कर्मियों को ट्रेनिंग देने की क्षमता थी। लेकिन आज स्थिति बदल चुकी है। जब हमने 60,000 से ज्यादा आरक्षी भर्ती प्रक्रिया पूरी की, तो अब हमारे पास एक साथ 60,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को ट्रेनिंग देने की आधुनिक व्यवस्था मौजूद है।”
कुशल खिलाड़ियों के लिए भी खुले दरवाजे
उत्तर प्रदेश अब देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जिसने खेल को पुलिस सेवा से सीधे जोड़ा है. मुख्यमंत्री ने गर्व से बताया कि सरकार ने 500 से अधिक कुशल खिलाड़ियों को यूपी पुलिस का हिस्सा बनाया है. इसी का परिणाम है कि आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में यूपी पुलिस के जवान शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं.
9 साल में बनाया रिकॉर्ड
सरकारी आंकड़ों का हवाला देते हुए सीएम योगी ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में यूपी पुलिस ने 2 लाख 19 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की भर्ती सफलतापूर्वक पूरी की है. उन्होंने जोर देकर कहा कि इतनी संख्या तो कई राज्यों की कुल पुलिस फोर्स की भी नहीं होती, जितनी भर्तियां अकेले यूपी में हुई हैं.
युवाओं के पास सुनहरा अवसर
सीएम ने कहा कि जो युवा योग्य और क्षमतावान हैं, उनके लिए यह एक बेहतरीन अवसर है. भर्ती बोर्ड पूरी पारदर्शिता के साथ इस 1 लाख भर्ती प्रक्रिया को संपन्न करने की तैयारी में जुट गया है. यदि आप भी यूपी पुलिस की वर्दी पहनने का सपना देख रहे हैं, तो अपनी तैयारी तेज कर दें.

