महाराष्ट्र के पंढरपुर में दर्दनाक हादसा,श्रद्धालुओं से भरी वैन कुआं में गिरी,14 लोगों की मौत

Pandharpur Accident:महाराष्ट्र के पंढरपुर में रविवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप वैन अचानक अनियंत्रित होकर कुएं में गिर गई. इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है. हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है.

Pandharpur Accident:तीर्थयात्रा पर जा रहे थे श्रद्धालु

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का शिकार हुए सभी लोग पंढरपुर के रांजनी गांव के निवासी थे. ये श्रद्धालु धार्मिक यात्रा पर निकले थे और पंढरपुर की ओर जा रहे थे. रास्ते में सोलापुर जिले के मालशिरस क्षेत्र के पास उनकी पिकअप वैन हादसे का शिकार हो गई.

कुएं में गिरने से मची चीख-पुकार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वैन अचानक संतुलन खो बैठी और सड़क किनारे स्थित एक कुएं में जा गिरी. वाहन के कुएं में गिरते ही चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया.

अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि

प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में 14 लोगों की मौत हो चुकी है। शुरुआती रिपोर्ट में आठ शव निकाले जाने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में राहत एवं बचाव कार्य के दौरान अन्य शव भी बरामद किए गए। मृतकों की पहचान रांजनी गांव के निवासियों के रूप में की गई है।

राहत और बचाव अभियान जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा राहत दल मौके पर पहुंच गए. कुएं में गिरे वाहन को बाहर निकालने और घायलों को सुरक्षित निकालने के लिए अभियान चलाया गया. घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.

गांव में पसरा मातम

हादसे की खबर मिलते ही रांजनी गांव में शोक की लहर दौड़ गई. एक ही गांव के कई लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

प्रशासन ने शुरू की जांच

प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं. प्रारंभिक आशंका है कि वाहन चालक का नियंत्रण खोने के कारण यह दुर्घटना हुई है , हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.

यह हादसा महाराष्ट्र के हाल के सबसे दर्दनाक सड़क हादसों में से एक माना जा रहा है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है. मृतकों के परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है.

Latest news

Related news