Tuesday, March 3, 2026

कांग्रेस इस लायक भी नहीं बची कि 400 सीट पर चुनाव लड़ सके : हरियाणा में बोले योगी आदित्यनाथ

UP CM in Chandigarh : यूपी सीएम योगी आदियानाथ ने आज चंडीगढ़ में लोकसभा चुनाव के लिए जनसभा को संबोधित किया. इस मौके पर सीएम योगी के निशाने पर रही कांग्रेस पार्टी .सीएम योगी ने कांग्रेस पर जुबानी हमला करते हुए कहा कि अब देश में कांग्रेस की ताकत इतनी भी नही रह गई है कि वो 400 सीटों पर चुनाव लड़ सके.

आप और कांग्रेस का गठबंधन जनकल्याण के लिए नहीं, लूट-खसोट के लिए बना है- योगी आदित्यनाथ

‘पंजाब में माफिया का बोलबाला, यूपी में कब्र पर मर्सिया पढ़ने वाले भी नहीं बचे हैं’

श्रीराममंदिर से पहले अयोध्या में बना महर्षि वाल्मीकि के नाम पर इंटरनेशनल एयरपोर्ट : योगी

यूपी में अब सड़क पर नहीं होती नमाज, मस्जिदों से उतार लिये गये हैं लाउडस्पीकर : योगी

पहले 10 घंटे में तय होती थी चंडीगढ़ से दिल्ली की दूरी, अब लगते हैं 3 घंटे : योगी आदित्यनाथ

UP CM Public rally in Chandhigarh
UP CM Public rally in Chandhigarh

सीएम योगी का कांग्रेस की उड़ाई खिल्ली  

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि पूरे देश में फिर एक बार मोदी सरकार और अबकी बार 400 पार के नारे एक स्वर में गूंज रहे हैं. देश ही नहीं दुनिया भी आश्वस्त है कि 4 जून को क्या परिणाम आने जा रहा है. मगर कांग्रेस को उसके कारनामों के कारण देश ने इस हाल में भी नहीं छोड़ा है कि वह 400 सीटों पर चुनाव ही लड़ सके. बीजेपी के स्टार प्रचारक और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ सोमवार को यहां मलोया क्षेत्र में बीजेपी प्रत्याशी संजय टंडन के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि पंजाब में जहां माफिया का बोलबाला दिखता है वहीं यूपी में हमने ऐसे तत्वों को उलटा टांग दिया है और आज उनकी कब्र पर कोई मर्सिया पढ़ने वाला भी नहीं है. योगी ने कहा कि आप और कांग्रेस का गठबंधन जनकल्याण के लिए नहीं, बल्कि लूट-खसोट के लिए बना है.

Yogi Adityanath in Chandigarh
Yogi Adityanath in Chandigarh

जो राम का है वही राष्ट्र का है- सीएम योगी

योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण की शुरूआत करते हुए कहा कि वह मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की जन्मभूमि से आए हैं और जगत जननी मां भगवती चंडी देवी तथा माता मंशा देवी के पावन दरबार को कोटि कोटि नमन करते हैं. योगी ने चंडीगढ़ को गुरुओं की साधना और उनकी भक्ति और शक्ति के अद्भुत संगम स्थल बताते हुए जनता का अभिवादन किया. उन्होंने कहा कि जनता कह रही है कि जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे. क्योंकि जो राम का है वही राष्ट्र का है और जो राम का नहीं है वह किसी काम का नहीं है. कांग्रेस के बुद्धिदाता कहते हैं कि भारत में राममंदिर नहीं बनना चाहिए था. उन्हें ये बात पहले कांग्रेस को ही कहना चाहिए था ताकि कांग्रेस ही राममंदिर इटली में बनवा देती. विनाश काले विपरीत बुद्धि, कांग्रेस में यही दिख रहा है.

UP CM Yogi adityanath in Chandigarh
UP CM Yogi adityanath in Chandigarh

अब सब शांति से रहना चाहते हैं

योगी ने कहा कि इंडी गठबंधन वाले नेता पहले न्यायालय को धमकाते थे कि राममंदिर पर फैसला हुआ तो दंगे हो जाएंगे, खून की नदियां बह जाएंगी. हमने कहा यूपी में अब दंगा नहीं होगा, कोई दंगा करेगा तो उसको उलटा टांग देंगे उसको. मैंने कहा था कि राममंदिर पर फैसला जिस दिन होगा वो ब्रह्मांड का सबसे शांत दिन होगा. यूपी में अब दंगे नहीं होते हैं. अब यूपी में सड़क पर नमाज नहीं होती और मस्जिदों से लाउडस्पीकर भी उतर चुके हैं. अब सब शांति से रहना चाहते हैं.

..सबसे पहले राहुल गांधी विदेश भागते हैं

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश पर जब भी संकट आया है सबसे पहले राहुल गांधी विदेश भागते हैं. उन्होंने कहा कि यद्यपि ये लोग ही संकट देने वाले हैं. इन्होंने आतंकवाद, नक्सलवाद, भ्रष्टाचार जैसे संकटों को भारत को देने का कार्य किया है. इस सदी के सबसे बड़े संकट कोरोना में वह कहीं नजर नहीं आए. न चंडीगढ़ में दिखे न यूपी में. तब केवल बीजेपी के कार्यकर्ता जनता की सेवा में थे. एक करोड़ प्रवासी यूपी में आए थे, जो अलग अलग राज्यों में जाने वाले थे. उन्हें उनके घरों तक पहुंचाने के लिए हमने तब 14 हजार बसें लगाई थी.

कांग्रेस को वोट देना पाप है…

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस को वोट देकर पाप के भागीदार नहीं बनना है. अच्छा जनप्रतिनिधि चुनने पर हमें पुण्य प्राप्त होता है. आज भारत यशस्वी बन रहा है. दुनिया में सम्मान बढ़ रहा है. आतंकवाद, नक्सलवाद और अराजकता का समाधान हुआ है. पहले आतंकी विस्फोट होते थे, निर्दोष भारतीय मारे जाते थे. संसद में जब मुद्दे को उठाता था तो कांग्रेस कहती थी आतंकवाद सीमापार से है.अब जोर से पटाखा भी फूट जाए तो पाकिस्तान भी सफाई देने लगता है. उसे पता है कि ये नया भारत है। छेड़ेंगे तो छोड़ेगा नहीं.

मोदी सरकार में लोककल्याण की लंबी फेहरिस्त

योगी ने कहा कि 12 साल पहले जब वह दिल्ली से चंडीगढ़ आए थे तो उन्हें 10 घंटे का समय लगा था, मगर अब 3 घंटे में दिल्ली से चंडीगढ़ पहुंच सकते हैं. कांग्रेस के एक प्रधानमंत्री ने वक्तव्य दिया था कि 100 पैसा देते हैं मगर 15 पैसा ही गरीब तक पहुंचता है. इसका मतलब बीच में कांग्रेस के बिचौलिए शेष 85 पैसे खा जाते थे. मोदी जी ने जनधन एकाउंट खोल दिया आज 100 परसेंट लाभार्थी के खाते में सीधे पहुंच रहा है. एक लंबी फेहरिस्त है लोककल्याण की. गरीबों, वंचितों का बिना चेहरा, जाति, धर्म देखे योजनाओं का लाभ दिया गया.

वाल्मीकि समाज जरूर आए अयोध्या

उन्होंने कहा कि अयोध्या में 500 साल का इंतजार समाप्त हो चुका है. सभी को अयोध्या में आकर भगवान श्रीराम के दर्शन करने चाहिए. उन्होंने बताया कि मंदिर से भी पहले अयोध्या में इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बनाने के साथ ही उसका नामकरण महर्षि वाल्मीकि के नाम पर किया गया. वाल्मीकि समाज जरूर अयोध्या आए और वहां की दिव्यता की अनुभूति करे। राममंदिर का निर्माण आपके एक वोट की ताकत से हुआ है. आपके वोट की ताकत से ही मोदी जी को कड़े फैसले लेने की शक्ति मिलती है. हर व्यापारी और बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके. इसके लिए भाजपा आवश्यक है.

ये भी पढ़े:- 5th Phase Voting: रायबरेली में डटे हैं राहुल गांधी, बूथों पर जाकर किया निरीक्षण, बोले- भारत की प्रगति के लिए वोट कीजिए

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, सांसद किरण खेर, प्रत्याशी संजय टंडन, यूपी सरकार में पूर्व मंत्री अतुल गर्ग, रामवीर भट्टी, हुकुम चंद, अमित जिंदल, कुलजीत संधू और मशहूर गायक कन्हैया मित्तल सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे.

Latest news

Related news