ट्विशा शर्मा मौत मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त, CBI करेगी जांच, हाईकोर्ट में सास की जमानत पर आज सुनवाई

Twisha Sharma Death Case: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले ने अब राष्ट्रीय स्तर पर गंभीर कानूनी मोड़ ले लिया है. 33 वर्षीय कॉरपोरेट प्रोफेशनल और पूर्व अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की 12 मई को अपने ससुराल में  संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. वह भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं.

इस घटना के बाद परिवार और ससुराल पक्ष के आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब देश की सर्वोच्च अदालत ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामले की सुनवाई शुरू कर दी है.

Twisha Sharma Death Case:सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान 

ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया है. मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी.एम. पंचोली की बेंच कर रही है.

सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) अपने हाथ में लेगी.

सुप्रीम कोर्ट के इस कदम को मामले की गंभीरता और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा फैसला माना जा रहा है.

परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

ट्विशा शर्मा के परिवार ने उनकी मौत को संदिग्ध बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिवार का कहना है कि उनकी बेटी की मौत के पीछे ससुराल वालों की प्रताड़ना और मानसिक दबाव जिम्मेदार है.

परिजनों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

ससुराल पक्ष का दावा- ट्विशा नशे की लत से थीं परेशान

दूसरी ओर, ट्विशा शर्मा के ससुराल पक्ष ने इन आरोपों को खारिज किया है. उनका कहना है कि ट्विशा कथित तौर पर नशे की लत से जूझ रही थीं और मानसिक तनाव में थीं.

ससुराल पक्ष का दावा है कि इस घटना को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है और जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहिए.

हाईकोर्ट में आज सास की जमानत पर सुनवाई

इधर, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट आज ट्विशा शर्मा की सास गिरिबाला सिंह को मिली जमानत से जुड़ी याचिका पर सुनवाई करेगा. इस सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं क्योंकि यह केस की आगे की कानूनी दिशा तय कर सकती है.

देशभर में उठ रहे सवाल

ट्विशा शर्मा की मौत ने महिला सुरक्षा, वैवाहिक उत्पीड़न और निष्पक्ष जांच व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

अब जब सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेकर CBI जांच के संकेत दिए हैं, तो उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही इस रहस्यमयी मौत की सच्चाई सामने आएगी.

Latest news

Related news