NEET Parliament नई दिल्ली : NEET पेपर लीक मामले और जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन के बाद राजनीति चरम पर है. विपक्ष लगातार संसद में गृह मंत्री अमित शाह से जवाब की मांग कर रहा है। इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष के आरोपों का करारा जवाब देते हुए संसद में इस संवेदनशील मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती दी है. अमित शाह ने स्पष्ट किया है कि मोदी सरकार के पास इस मामले में छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है और सरकार हर सवाल का विस्तृत जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है.
NEET Parliament :’दोपहर 3 बजे से हो चर्चा,सरकार हर सवाल का देगी जवाब’
गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष से अपील करते हुए कहा कि वे संसद की कार्यवाही को सुचारू रूप से चलने दें. उन्होंने चर्चा का समय और तरीका बताते हुए विपक्ष के सामने प्रस्ताव रखा:
स्पीकर को दें पत्र: शाह ने कहा कि विपक्ष दोपहर 2 बजे तक लोकसभा अध्यक्ष (Speaker) को नीट मुद्दे पर चर्चा के लिए लिखित पत्र सौंपे.
लंबी चर्चा को तैयार: सरकार आज दोपहर 3 बजे से रात तक और आवश्यकता पड़ने पर कल दोपहर 3 बजे तक भी निरंतर चर्चा करने के लिए सहमत है.
खुद रहेंगे मौजूद: अमित शाह ने साफ किया कि वह खुद संसद में मौजूद रहकर इस बहस का हिस्सा बनेंगे और उठने वाले सभी सवालों के जवाब देंगे.
“विपक्ष संसद को चलने नहीं दे रहा”
संसद सत्र की शुरुआत से लगातार उपस्थिति का जिक्र करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि वह पहले दिन से सदन में आ रहे हैं, लेकिन विपक्ष जानबूझकर हंगामा कर संसद को ठप्प कर रहा है.
अमित शाह ने कहा, “हम नीट पेपर लीक और छात्र आंदोलन से जुड़े हर पहलू पर स्थिति स्पष्ट करेंगे. इसके साथ ही हम देश के सामने यह भी रखेंगे कि आखिर विपक्ष इतने महत्वपूर्ण मुद्दे पर संसद क्यों नहीं चलने दे रहा था. अब फैसला विपक्ष को करना है कि उसे वाकई में गंभीर चर्चा करनी है या बहस से भागना है.”
प्रश्नकाल स्थगित करने पर भी सहमति
नीट मामले की गंभीरता को रेखांकित करते हुए अमित शाह ने कहा कि ऐसे संवेदनशील विषय सिर्फ एक बयान देकर खत्म नहीं किए जा सकते. इसके लिए नियमों के तहत विस्तार से चर्चा होना जरूरी है.
उन्होंने संकेत दिया कि अगर माननीय स्पीकर अनुमति देते हैं, तो सरकार इस चर्चा के लिए प्रश्नकाल (Question Hour) को भी स्थगित करने के पक्ष में है, ताकि छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर तुरंत बात हो सके.

