All-party meeting: सरकार के जवाब से संतुष्ट नहीं विपक्ष, कांग्रेस ने की राज्यसभा में चर्चा की मांग

संसद परिसर में वेस्ट एशिया में युद्ध से पैदा हुए हालात पर सरकार की ओर से बुलाई गई सर्वदलीय बैठक All-party meeting में शामिल विपक्ष के नेताओं ने सरकार के जवाबों पर असंतोष जताया. जहां समाजवादी पार्टी ने कहा कि उन्होंने देशहित के मुद्दे उठाए लेकिन सरकार संतोषजनक जवाब नहीं दे पाई वहीं, कांग्रेस ने कहा कि बैठक में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के चलते वो राज्यसभा में इस मुद्दे पर चर्चा की अपनी मांग दोहराते हैं.

पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है और हम मूक दर्शक बने हैं-कांग्रेस

कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने सर्वदलीय बैठक पर कहा, “हमने सरकार की बात सुनी लेकिन बहुत से मुद्दों पर सरकार का जवाब संतोषजनक नहीं था… दुख की बात है कि पाकिस्तान आज मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है और हम मूक दर्शक बने हैं… संतोषजनक नहीं रहा इसलिए हमारी जो पुरानी मांग है हम उसे दोहराते हैं कि राज्यसभा में नियम 176 के तहत इस मुद्दे पर बहस होनी चाहिए, चर्चा होनी चाहिए.”

विपक्ष के सवालों का कोई खास संतोषजनक जवाब सरकार की ओर से नहीं दिया गया है-एसपी

समाजवादी पार्टी सांसद धर्मेंद्र यादव ने सर्वदलीय बैठक पर कहा, “मीटिंग में विपक्ष की पार्टियों ने सवाल उठाए हैं. विपक्ष के सवालों का कोई खास संतोषजनक जवाब सरकार की ओर से नहीं दिया गया है… सपा ने देशहित के सभी मुद्दे उठाए हैं, जिसमें देश के सम्मान और LPG की हुई किल्लत के सवाल शामिल थे.”

सरकार ने आश्वासन दिया है कि LPG, CNG, कच्चे तेल की कोई कमी नहीं होगी- CPI(M)

CPI(M) सांसद जॉन ब्रिटास ने सर्वदलीय बैठक पर कहा, “विपक्ष ने इस युद्ध को लेकर अपनी चिंताएं जाहिर की, हमने सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए… LPG की कमी और यह युद्ध कैसे भारत के अलग-अलग क्षेत्रों पर प्रभाव डाल रहा है इसे लेकर भी हमने चिंताएं जाहिर की. सरकार ने अपना पक्ष रखा कि कोई चुप्पी नहीं थी, वे बात कर रहे थे. सरकार ने यह आश्वासन दिया है कि देश में LPG, CNG, कच्चे तेल की कोई कमी नहीं होगी…”

All-party meeting: विपक्ष के साथियों ने सवाल किए जिस पर हमने अच्छे जवाब दिए-सरकार

वहीं सरकार की ओर से बैठक में शामिल केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “आज सर्वदलीय बैठक बुलाकर सरकार ने विपक्ष के साथियों के साथ चर्चा की और पश्चिम एशिया में चल रहे संकट की जानकारी दी… पश्चिम एशिया में जो स्थिति है उससे भारत पर प्रभाव पड़ेगा और भारतीयों के लिए सरकार ने क्या-क्या कदम उठाए हैं, उस पर विपक्ष के साथियों ने सवाल किए जिस पर हमने अच्छे जवाब दिए. विपक्ष ने जो-जो सवाल किए तो सरकार ने उनका जवाब दिया है. विपक्ष के साथियों ने कहा है कि संकट की इस घड़ी में हम सभी एकजुट होकर आपका साथ देंगे. प्रधानमंत्री मोदी चाहते थे कि सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए… सरकार ने आज पर्याप्त रूप से जानकारी दी है…”

जनता दिक्कत में रहेगी तो कैसे सहयोग कर सकते है-संजय सिंह, आप

वहीं, AAP सांसद संजय सिंह ने सर्वदलीय बैठक पर कहा, “हमारी जो चिंताएं थी हमने उसे दर्ज कराया। पहली चिंता तो यही थी कि पूरा देश गैस सिलिंडर की लाइन में खड़ा है… उहापोह और घबराहट की स्थिति लोगों में है. इसपर सरकार का पक्ष यह था कि हम 60% LPG का घरेलू उत्पादन कर रहे हैं और गैस की कोई कमी नहीं होगी, हमारे पास तेल का भी रिजर्व है… कुल मिलाकर जो हमने सवाल उठाए कि हमें इस युद्ध में पड़ने की क्या आवश्यकता थी, युद्ध से दो दिन पहले प्रधानमंत्री ने यात्रा क्यों की या पाकिस्तान क्यों मध्यस्थ बन रहा है आदि इसका सरकार ने अपनी तरह से जवाब दिया…”

संजय सिंह ने कहा कि सरकार विपक्ष से संकट की घड़ी में सहयोग चाहती है लेकिन अगर जनता दिक्कत में रहेगी तो कैसे सहयोग कर सकते है. 4 दिन में स्थिति साफ हो जाएगी.

ये भी पढ़ें-All-party meeting: सरकार ने कहा कि होर्मुज से और भारतीय जहाज गुजरेंगे, प्रवासी लोगों की सुरक्षा प्राथमिकता बनी रहेगी

Latest news

Related news