Prashant Kishor Property पटना : जन सुराज के संस्थापक और चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर ने रविवार (13 जुलाई) को बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया. नामांकन के साथ चुनाव आयोग को दिए गए शपथपत्र (हलफनामे) में उनकी संपत्ति, आय, कर्ज, शिक्षा और आपराधिक मामलों से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक हुई है.
हलफनामे के अनुसार, प्रशांत किशोर करोड़ों रुपये की चल और अचल संपत्ति के मालिक हैं. वहीं उनकी पत्नी के नाम पर भी बड़ी संपत्ति दर्ज है. दस्तावेजों में यह भी बताया गया है कि उन्होंने वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान अपनी राजनीतिक पार्टी जन सुराज को 10 करोड़ रुपये का दान दिया.
Prashant Kishor Property :प्रशांत किशोर के पास कितनी संपत्ति?
चुनावी हलफनामे के मुताबिक प्रशांत किशोर के पास 65,570 रुपये नकद हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास 1,95,200 रुपये नकद मौजूद हैं.
उनके नाम पर 7.36 करोड़ रुपये से अधिक की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) दर्ज है. इसके अलावा उनकी कुल चल संपत्ति 22.19 करोड़ रुपये बताई गई है. वहीं उनकी पत्नी के नाम पर 99.51 करोड़ रुपये से अधिक की चल संपत्ति दर्ज है.
73 करोड़ से ज्यादा की प्रॉपर्टी
हलफनामे के अनुसार प्रशांत किशोर के पास 73.87 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन और अन्य संपत्तियां हैं. उनकी पत्नी के नाम पर 12.42 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति दर्ज है.
दस्तावेजों के मुताबिक उनके परिवार के पास सात अलग-अलग स्थानों पर भवन और मकान भी हैं.
5.77 करोड़ रुपये का कर्ज
संपत्ति के साथ-साथ हलफनामे में देनदारियों का भी उल्लेख किया गया है. प्रशांत किशोर पर 5 करोड़ 77 लाख 53 हजार 765 रुपये का कर्ज बताया गया है.
सोने की अंगूठी, लेकिन नहीं है निजी कार
हलफनामे के अनुसार प्रशांत किशोर के पास 1.35 लाख रुपये मूल्य की सोने की अंगूठी है. उनकी पत्नी के पास 64.12 लाख रुपये की सोने की ज्वेलरी और 46 हजार रुपये की चांदी दर्ज है.
दिलचस्प बात यह है कि हलफनामे में प्रशांत किशोर के नाम पर कोई निजी कार दर्ज नहीं है.
आय का विवरण
वित्त वर्ष 2024-25 में प्रशांत किशोर की कुल आय 58 लाख 45 हजार 430 रुपये रही. वहीं उनकी पत्नी की वार्षिक आय 40 लाख 23 हजार 800 रुपये दर्ज की गई है.
हलफनामे में प्रशांत किशोर के नाम 23.70 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति और उनकी पत्नी के नाम 1 लाख 19 हजार 270 रुपये की अचल संपत्ति का भी उल्लेख किया गया है.
जन सुराज को दिए 10 करोड़ रुपये
चुनावी शपथपत्र में यह भी बताया गया है कि प्रशांत किशोर ने वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान अपनी राजनीतिक पार्टी जन सुराज को 10 करोड़ रुपये का दान दिया.
शिक्षा का विवरण
प्रशांत किशोर की शैक्षणिक योग्यता भी हलफनामे में दर्ज की गई है.
- वर्ष 1991 में 10वीं उत्तीर्ण.
- 1993 में पटना के साइंस कॉलेज से 12वीं.
- 1996 से 1999 के बीच लखनऊ विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई.
- वर्ष 2010 में फ्रांस की एक विश्वविद्यालय से डिग्री प्राप्त की.
आठ आपराधिक मामले दर्ज
चुनावी हलफनामे के अनुसार प्रशांत किशोर के खिलाफ आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं. हालांकि हलफनामे में इन मामलों का विस्तृत विवरण संबंधित न्यायालयों और धाराओं के साथ दिया गया है. चुनावी नियमों के तहत प्रत्याशियों के लिए अपने खिलाफ दर्ज मामलों की जानकारी सार्वजनिक करना अनिवार्य होता है.
चुनावी हलफनामा क्यों है महत्वपूर्ण?
चुनाव लड़ने वाले प्रत्येक उम्मीदवार को अपनी चल-अचल संपत्ति, देनदारियों, आय, शैक्षणिक योग्यता और लंबित आपराधिक मामलों की जानकारी शपथपत्र के माध्यम से चुनाव आयोग को देनी होती है. इससे मतदाताओं को उम्मीदवार की आर्थिक और कानूनी स्थिति के बारे में पारदर्शी जानकारी मिलती है. बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर के हलफनामे ने उनकी आर्थिक स्थिति और निजी संपत्ति को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां सार्वजनिक कर दी हैं.

