US-India trade deal: बुधवार को 11 बजे हुए स्थगन के बाद जब लोकसभा की बैठक 12 शुरू हुई तो फिर भारी हंगामा हुआ. विपक्षी नेताओं ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के US-India trade deal पर दिए गए भाषण के दौरान स्पीकर ओम बिरला के सामने बैनर दिखाए और नारे लगाए. जिसके बाद लोकसभा को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया.
हंगामे के बीच पीयूष गोयल ने ट्रेड डील पर लोकसभा में भाषण दिया
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को लोकसभा में भाषण दिया और विपक्षी सदस्यों के हंगामे और नारेबाजी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर सदन को अवगत कराया.
हलांकि इससे पहले मनीष तिवारी समेत कई विपक्षी नेताओं के भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर चर्चा के लिए दिए गए स्थगन प्रस्ताव को स्पीकर ओम बिरला ने अस्वीकार कर दिया.
US-India trade deal पर क्या बोले पीयूष गोयल
केंद्रीय वाणिज्य एंव उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने लोकसभा में भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर कहा, “2 फरवरी 2026 को, PM और US प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने कई बाइलेटरल और इंटरनेशनल महत्व के मामलों पर टेलीफोन पर बातचीत की. इसके बाद, प्रेसिडेंट ट्रंप ने टैरिफ को घटाकर 18% करने की घोषणा की. मैं इस बात पर ज़ोर देना चाहूंगा कि यह टैरिफ कई कॉम्पिटिटर देशों पर US टैरिफ से कम है…”
उन्होंने आगे कहा,”… दोनों पक्षों के हितों को देखते हुए स्वाभाविक है कि दोनों पक्ष अपनी-अपनी अर्थव्यवस्थाओं के महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्रों की रक्षा करते हुए सर्वोत्तम परिणाम सुनिश्चित करना चाहेंगे… भारतीय पक्ष अपने संवेदनशील क्षेत्रों विशेषकर कृषि और दुग्ध क्षेत्रों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने में सफल रहा है. अमेरिकी पक्ष के भी कुछ ऐसे क्षेत्र थे जो उनके दृष्टिकोण से संवेदनशील थे. 1 साल तक चली कई दौर के विचार विमर्श के बाद व्यापार समझौते के कई क्षेत्रों को अंतिम रूप देने में सफल रहे… यह समझौता विशेष रूप से श्रम प्रदान क्षेत्रों और विनिर्माण क्षेत्रों में महत्वपूर्ण लाभ प्रदान करता है… खाद और कृषि क्षेत्र में भारत की संवेदनशीलता का पूर्ण ध्यान रखा गया है.”

