Parliament session: संसद के शीतकालीन सत्र का आखिरी हफ़्ता आज से शुरू हो गया है और यह शुक्रवार, 19 दिसंबर तक चलेगा. इस हफ़्ते सरकार कई अहम रिपोर्ट और बिल पेश करेगी.
सुबह से ही संसद के दोनों सदनों में हंगामा देखने को मिला. पहले प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ रविवार को कांग्रेस की रैली में हुई नारेबाजी को लेकर बीजेपी ने हंगामा किया जिसके चलते संसद के दोनों सदन दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दिए गए. दोपहर 12 बजे लोकसभा में कांग्रेस की प्रदूषण पर चर्चा की मांग को लेकर स्थिति खराब हो गई और सदन को 2 बजे तक स्थगित करना पड़ा.
राज्यसभा में चुनावी सुधारों पर चर्चा फिर से शुरू हुई
संसद शीतकालीन सत्र लाइव अपडेट: राज्यसभा ने चुनावी सुधारों पर अपनी चर्चा फिर से शुरू कर दी है.
Parliament session: प्रियंका गांधी वायु प्रदूषण पर नोटिस देंगी
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा है कि वह लोकसभा में वायु प्रदूषण पर चर्चा के लिए नोटिस देंगी.
गांधी ने संसद के बाहर मीडिया से कहा, “वायु प्रदूषण की स्थिति खराब हो गई है, और मैं संसद में इस मुद्दे पर चर्चा करने की अनुमति मांगने के लिए एक नोटिस दूंगी.”
#WATCH | दिल्ली: कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने दिल्ली प्रदुषण पर कहा, “यह बहुत ज्यादा खराब हो गया है और हमें (सदन में) इसपर चर्चा करनी चाहिए…” pic.twitter.com/mqAt2qkhMk
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 15, 2025
BJP मुद्दों से ‘ध्यान भटकाना’ चाहती है- कांग्रेस सांसद
वहीं, कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा कि BJP का मकसद वायु प्रदूषण जैसे मुद्दों से ‘ध्यान भटकाना’ है.
उन्होंने कहा, “यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि BJP, और खासकर जेपी नड्डा जैसे लोग, लोगों का ध्यान वायु प्रदूषण जैसे ज़रूरी मुद्दों से भटकाना चाहते हैं, और कांग्रेस की रैली को मिले ज़बरदस्त रिस्पॉन्स से वे घबरा गए हैं… संसदीय कार्य मंत्री, किरेन रिजिजू, असंसदीय कार्य मंत्री बन गए हैं… विपक्ष चाहता है कि संसद चले, लेकिन सत्ताधारी पार्टी सदन नहीं चलाना चाहती.”
विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित
विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है. सुबह से कांग्रेस नेता प्रदूषण पर चर्चा की मांग कर रहे हैं. कांग्रेस सांसद मणिक्कम टैगोर ने दिल्ली-एनसीआर में ‘गंभीर’ प्रदूषण पर चर्चा के लिए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया था. जैसे ही लोकसभा अध्यक्ष ने उन्हें ज़ीरो आवर चलने देने के लिए कहा, विपक्षी सदस्य वेल में घुस गए.
लोकसभा और राज्यसभा दोपहर 12 तक क्यों की गई थी स्थगित?
वहीं, सुबह लोकसभा को दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दिया गया, जब संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मांग की कि कांग्रेस कल एक रैली के दौरान PM मोदी के खिलाफ की गई टिप्पणियों के लिए माफी मांगे.
इसी तरह, सत्ताधारी पार्टी के हंगामे के कारण राज्यसभा को भी दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दिया गया था.
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जान को कथित खतरे के लिए माफी मांगने को कहा.
रिजिजू ने आरोप लगाया कि रविवार को राष्ट्रीय राजधानी में हुई कांग्रेस की रैली में कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री की कब्र खोदने की धमकी दी थी, जो भारतीय लोकतंत्र में होने वाली “सबसे दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद” घटना थी.
कांग्रेस सांसद ने पीएम मोदी के खिलाफ नारों की निंदा की
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ लगाए गए नारों की निंदा करते हुए कहा कि यह संस्कृति कांग्रेस की नहीं है.
मसूद ने पीटीआई से कहा, “मैं ऐसी बातों को अच्छा नहीं मानता. यह एक अच्छी परंपरा नहीं है, और कम से कम यह संस्कृति कांग्रेस की नहीं है.”
PM मोदी के नारे वाले विवाद पर CPI सांसद ने कहा, कोई पर्सनल कमेंट नहीं करना चाहिए
CPI सांसद पी संतोष कुमार ने कांग्रेस की रैली में PM नरेंद्र मोदी के खिलाफ लगाए गए नारों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पर्सनल कमेंट नहीं करने चाहिए. उन्होंने ANI से कहा, “किसी को भी कोई पर्सनल कमेंट नहीं करना चाहिए. हमारे पास चर्चा करने के लिए कई मुद्दे हैं. आइए चर्चा का स्तर ऊंचा करें.”
ये भी पढ़ें-Delhi pollution: दिल्ली में घने स्मॉग के कारण 61 उड़ानें रद्द, एयरलाइंस ने जारी की एडवाइजरी

