Arvind Kejriwal FIR : दिल्ली की राउज एवेन्यू अदालत ने मंगलवार को अधिकारियों को आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल और अन्य पार्टी नेताओं के खिलाफ 2019 में द्वारका में बड़े पार्टी होर्डिंग्स लगाने के लिए सार्वजनिक धन का दुरुपयोग करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया. कोर्ट ने द्वारका साउथ पुलिस SHO को मामले में 18 मार्च तक FIR दर्ज कर अनुपालन रिपोर्ट देने का आदेश दिया. मामले की सुनवाई अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नेहा मित्तल ने की.
Arvind Kejriwal FIR : दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर एक और केस
अदालत का यह आदेश अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय राजधानी में 10 साल से अधिक शासन के बाद भारतीय जनता पार्टी के सत्ता से बेदखल किए जाने के कुछ सप्ताह बाद आया है.
हाल ही में नई दिल्ली विधानसभा सीट से भाजपा के प्रवेश वर्मा के खिलाफ चुनाव हारने वाले अरविंद केजरीवाल दिल्ली आबकारी नीति मामले में जमानत पर हैं.
Excise Policy Case में जेल गए थे केजरीवाल और सिसोदिया
नई आबकारी नीति के तहत लाइसेंस देने में कथित भ्रष्टाचार को लेकर दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना द्वारा एफआईआर दर्ज करने के आदेश के बाद केजरीवाल और उनके डिप्टी मनीष सिसोदिया को कई महीने जेल में बिताने पड़े. बाद में नीति को रद्द कर दिया गया.
दिल्ली के शराब क्षेत्र की सीएजी की ऑडिट रिपोर्ट में पिछले महीने दावा किया गया था कि पिछली आम आदमी पार्टी (आप) सरकार द्वारा तैयार की गई 2021-2022 की आबकारी नीति के परिणामस्वरूप राष्ट्रीय राजधानी के खजाने को 2000 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ.
भाजपा ने केजरीवाल पर ‘मोहल्ला क्लीनिक’ में भी भ्रष्टाचार का आरोप लगाया
पिछले सप्ताह दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आप सरकार द्वारा संचालित ‘मोहल्ला क्लीनिक’ में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन तथा केजरीवाल पर मुफ्त स्वास्थ्य सेवा के नाम पर ‘भ्रष्टाचार की दुकानें’ चलाने का आरोप लगाया था.
सचदेवा की यह प्रतिक्रिया आप के वरिष्ठ नेता जैन द्वारा एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिल्ली में भाजपा सरकार द्वारा 250 ‘मोहल्ला क्लीनिक’ बंद करने की कथित योजना की कड़ी आलोचना करने के बाद आई है.
सचदेवा ने कहा, “आप नेता हम पर उनके क्लीनिक बंद करने का आरोप लगाते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि हम उनके भ्रष्टाचार की दुकानें बंद कर रहे हैं.” अरविंद केजरीवाल इस समय पंजाब में 10 दिवसीय विपश्यना ध्यान शिविर में हैं. भाजपा ने उन पर विलासितापूर्ण जीवनशैली के आदी होने का आरोप लगाया है. सचदेवा ने इस महीने की शुरुआत में पीटीआई वीडियोज से कहा, “चुनाव हारने के बाद वह (केजरीवाल) अब राज्यसभा सीट की तलाश में हैं, क्योंकि वह विलासितापूर्ण जीवनशैली के आदी हो चुके हैं. विपश्यना तो बस एक बहाना है, पंजाब में उनकी मौजूदगी का असली कारण आप की पंजाब इकाई में उथल-पुथल है.”

