Monday, February 16, 2026

Board Exam Paper Leak: सीबीएसई ने कहा पेपर लीक का दावा झूठा, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी

Board Exam Paper Leak: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने सोमवार को 2025 बोर्ड परीक्षा के पेपर लीक होने के दावों को खारिज करते हुए कहा कि “निराधार और छात्रों और अभिभावकों के बीच अनावश्यक घबराहट पैदा करने के इरादे से” की गई कोशिश बताया.
बोर्ड भारत और विदेश के 8,000 स्कूलों के लगभग 44 लाख छात्रों के लिए कक्षा 10 और 12 की अंतिम परीक्षा आयोजित कर रहा है. परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू हुईं और 4 अप्रैल तक चलेंगी.

पेपर लीक की अफवाह फैलाने की कोशिश हो रही है-सीबीएसई

सीबीएसई ने कहा, “बोर्ड ने परीक्षाओं के सुचारू और निष्पक्ष संचालन को सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवस्था की है. बोर्ड के संज्ञान में आया है कि कुछ बेईमान तत्व यूट्यूब, फेसबुक, `एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पेपर लीक या 2025 परीक्षा के प्रश्नपत्रों तक पहुंच का दावा करने के बारे में अफवाहें फैला रहे हैं…”

Board Exam Paper Leak: अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई-सीबीएसई

बोर्ड ने कहा कि वह सक्रिय रूप से निगरानी कर रहा है और गलत सूचना फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है.
“बोर्ड इन अपराधियों की पहचान करने और उन पर मुकदमा चलाने के लिए कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रहा है. ऐसी गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले छात्रों को सीबीएसई के अनुचित साधनों के नियमों और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत परिणाम भुगतने होंगे.”
सीबीएसई के अनुचित साधनों के खिलाफ नियमों के अनुसार, सोशल मीडिया पर परीक्षा से संबंधित कोई भी सामग्री साझा करना या अपलोड करना अपराध है. अगर यह साबित हो जाता है कि इस गतिविधि में शामिल छात्र हैं, तो उनकी वर्तमान और अगले तीन वर्षों की सभी विषयों की परीक्षाएं रद्द हो सकती हैं.

सीबीएसई की छात्रों और अभिभावकों को सलाह

बोर्ड ने अपने हालिया नोटिफिकेशन में अभिभावकों से कहा कि वे अपने बच्चों को असत्यापित सूचनाओं से दूर रहने या उन पर विश्वास न करने की सलाह दें, क्योंकि इससे परीक्षा प्रक्रिया बाधित होती है.
“छात्रों, अभिभावकों और स्कूलों सहित सभी हितधारकों को सटीक अपडेट के लिए केवल सीबीएसई की आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करना चाहिए जो वेबसाइट (www.cbse.gov.in) पर उपलब्ध हैं और सत्यापित सार्वजनिक चैनलों पर उपलब्ध हैं.”

बोर्ड ने कहा, “जनता को सलाह दी जाती है कि वे चल रही परीक्षाओं के दौरान असत्यापित खबरों से सावधान रहें. सीबीएसई परीक्षा प्रक्रिया की अखंडता को बनाए रखने के लिए गलत सूचना फैलाने के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगा,”

15 फरवरी से शुरु हुई परिक्षा, 4 अप्रैल तक चलेगी

सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं 15 फरवरी को शुरू हुईं, जिसमें पहले दिन 23 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए.
दूसरे दिन, 17 फरवरी को कक्षा 12 के छात्रों ने शारीरिक शिक्षा का पेपर दिया और कक्षा 10 के छात्रों ने हिंदुस्तानी संगीत, राई, गुरुंग, तमांग, शेरपा, एलिमेंट्स ऑफ बुक कीपिंग एंड अकाउंटेंसी और फिजिकल एक्टिविटी ट्रेनर के पेपर दिए.
बोर्ड इन परीक्षाओं को कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित कर रहा है, जिसमें सीसीटीवी निगरानी, सख्त ड्रेस कोड और छात्रों को निर्देश दिए गए हैं, जैसे कि परीक्षा हॉल के अंदर क्या अनुमति है, कौन सी चीजें प्रतिबंधित हैं, अनुचित साधनों के इस्तेमाल (यूएफएम) के नियम और संभावित दंड.

ये भी पढ़ें-New Delhi Railway Station stampede: 2 घंटे में 2,600 अतिरिक्त टिकटें बेचे गए- रिपोर्ट , घटना टाली जा सकती थी-रेलवे अधिकारी

Latest news

Related news