New Ashok Nagar Fire नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के पूर्वी हिस्से में रविवार को आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया. न्यू अशोक नगर इलाके में वसुंधरा एन्क्लेव के पीछे कैंसर अस्पताल के पास स्थित एक गोदाम में अचानक आग लग गई. आग की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस (DFS) की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया.
दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, गोदाम में आग लगने की जानकारी दोपहर 3:29 बजे मिली थी. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया.
New Ashok Nagar Fire : मौके पर पहुंचीं 11 दमकल गाड़ियां
आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की 11 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. फायरकर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हैं. घटनास्थल पर दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभाल लिया है और आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है.
गोदाम में आग लगने की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आग की लपटों और धुएं को देखते हुए स्थानीय स्तर पर भी लोगों में चिंता बढ़ गई.
आग लगने की वजह अभी साफ नहीं
फिलहाल आग किस वजह से लगी, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है. आग से गोदाम में कितना नुकसान हुआ है, इसका भी अभी आकलन नहीं हो पाया है.
दमकल विभाग की कार्रवाई जारी है. आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान और घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. अधिकारियों की ओर से फिलहाल किसी अन्य विस्तृत जानकारी की पुष्टि नहीं की गई है।

