लोकसभा में विपक्ष के नेता (LoP) और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (MGNREGA) में बदलाव करके उसकी जगह VB-G RAM G बिल लाने को लेकर हमला बोला और इसे महात्मा गांधी के विचारों का सीधा अपमान बताया.
मंगलवार को, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी सांसदों ने संसद भवन परिसर में विकसित भारत गारंटी फॉर रोज़गार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB-G RAM G) बिल, 2025 के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया, जो MGNREGA की जगह लेने वाला है. इस बिल को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोकसभा में पेश किया, जिस पर विपक्ष ने महात्मा गांधी का नाम हटाए जाने पर कड़ा विरोध जताया.
MGNREGA ने “हमेशा” पीएम मोदी को परेशान किया है- राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी इस योजना में बदलाव का विरोध कर रहे विपक्षी नेताओं की लिस्ट में शामिल हो गए. उन्होंने कहा कि MGNREGA ने “हमेशा” पीएम मोदी को परेशान किया है.
इस विवाद पर अपनी पहली प्रतिक्रिया में, उन्होंने बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार पर पिछले एक दशक में इस योजना को कमजोर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया. उन्होंने X पर एक लंबी पोस्ट में कहा, “मोदी जी को दो चीज़ों से पक्की नफ़रत है – महात्मा गांधी के विचारों से और गरीबों के अधिकारों से”
वो (पीएम मोदी) मनरेगा का नामो-निशान मिटाने पर आमादा है-राहुल गांधी
उन्होंने कहा, “मनरेगा, महात्मा गांधी के ग्राम-स्वराज के सपने का जीवंत रूप है – करोड़ों ग्रामीणों की ज़िंदगी का सहारा है, जो कोविड काल में उनका आर्थिक सुरक्षा कवच भी साबित हुआ.
मगर, प्रधानमंत्री मोदी को यह योजना हमेशा खटकती रही, और पिछले दस सालों से इसे कमजोर करने की कोशिश करते रहे हैं. आज वो मनरेगा का नामो-निशान मिटाने पर आमादा है.”
राहुल गांधी ने बताए मनरेगा के बुनियाद तीन मूल विचार
गरीब ग्रामीण परिवारों की रोज़ी-रोटी को “निशाना बनाने” का आरोप लगाते हुए, गांधी ने उन तीन बुनियादी सिद्धांतों को गिनाया जिन पर MGNREGA बना था. उन्होंने लिखा, “मनरेगा की बुनियाद तीन मूल विचारों पर थी
1. रोज़गार का अधिकार – जो भी काम मांगेगा, उसे काम मिलेगा
2. गांव को प्रगति कार्य खुद तय करने की स्वतंत्रता
3. केंद्र सरकार मज़दूरी का पूरा खर्च और समान की लागत का 75% देगी”
मोदी मनरेगा बदलकर सारी ताकत सिर्फ़ अपने हाथों में केंद्रित करना चाहते हैं-राहुल गांधी
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी “मनरेगा को केंद्रीकृत नियंत्रण का एक टूल बनाना चाहते हैं.”अब प्रधानमंत्री मोदी इसी मनरेगा को बदलकर सारी ताकत सिर्फ़ अपने हाथों में केंद्रित करना चाहते हैं –
1. बजट, योजनाएं और नियम केंद्र तय करेगा
2. राज्यों को 40% खर्च उठाने के लिए मजबूर किया जाएगा
3. बजट खत्म होते ही या फसल कटाई के मौसम में दो महीने तक किसी को काम नहीं मिलेगा”
यह नया बिल महात्मा गांधी के आदर्शों का अपमान है-राहुल गांधी
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस “जनविरोधी” बिल का विरोध करेगी. राहुल गांधी ने लिखा, “यह नया बिल महात्मा गांधी के आदर्शों का अपमान है – मोदी सरकार ने पहले ही भयंकर बेरोज़गारी से भारत के युवाओं का भविष्य तबाह कर दिया है, और अब ये बिल ग्रामीण गरीबों की सुरक्षित रोज़ी-रोटी को भी खत्म करने का ज़रिया है. हम इस जनविरोधी बिल का गांव की गलियों से संसद तक विरोध करेंगे.“
ये भी पढ़ें-G Ram G bill पेश, बिल पेश होने के बाद लोकसभा 2 बजे तक…

