LPG Cylinder Price: रक्षाबंधन पर बहनों को पीएम का तोहफा, LPG सिलेंडर हुआ 200 रुपये सस्ता

रक्षाबंधन के मौके पर मोदी सरकार ने महंगाई से जूझ रही जनता को तोहफा देते हुए एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 200 रुपये की कमी करने का फैसला लिया है. मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक के बाद केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने इस फैसले का एलान किया. अनुराग ठाकुर ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने सभी उपभोक्ताओं के लिए घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 200 रुपये की कटौती का फैसला किया है…रक्षा बंधन के मौके पर देश की महिलाओं को यह पीएम नरेंद्र मोदी का तोहफा है.”


इसके साथ ही अनुराग ठाकुर ने कहा कि सरकार 75 लाख बहनों के लिए उज्जवला गैस योजना के तहत उनको फ्री गैस कनेक्शन देने जा रही है. इसके लिए उन्हें एक रुपये नहीं देना होगा. पाइप, चूल्हा और सिलेंडर मुफ्त मिलेगा. दुनियाभर में गैस के दाम बढ़े हैं, लेकिन भारत में इसका कम असर हुआ है.

पीएम उज्ज्वला लाभार्थियों को 400 रुपये सस्ता सिलेंडर

पिछले साल जब रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में तेज उछाल आया, तो मई 2022 में मोदी सरकार ने पीएम के लाभार्थियों को 200 रुपये प्रति सिलेंडर की सब्सिडी दी थी. एक साल में 12 सिलेंडर रिफिल देने वाली उज्ज्वला योजना की अवधि को भी 31 मार्च 2024 तक बढ़ा दिया गया था. इसके बावजूद इस योजना के तहत सिलेंडर लेने वालों को 900 रुपये खर्च करने पड़ रहे थे. लेकिन अब सरकार के एलान के बाद पीएम उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को बड़ी राहत मिली है उन्हें अब एलपीजी सिलेंडर पर 200 रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी दी जाएगी जिसका मतलब है कि उन्हें एक एलपीजी सिलेंडर 700 रुपये का पड़ेगा.

मोदी सरकार का चुनावी फैसला

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2023 को स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से कहा था कि सरकार ने आम लोगों को महंगाई से राहत देने के लिए कई फैसले लिए हैं और आने वाले दिनों में और भी फैसले लेगी. . एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कटौती का फैसला उन्हीं फैसलों में से एक है. सरकार के इस फैसले को पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव और अगले साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है.

Latest news

Related news