खान सर के सरेंडर की खबरों पर लगा विराम,अब कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए देंगे अर्जी

Khan Sir firing case पटना: पटना के बहुचर्चित कोचिंग कोचिंग संस्थान ‘खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर’ के बाहर हुई फायरिंग मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है. पिछले कई घंटों से चल रहे कयासों और सस्पेंस पर अब पूरी तरह विराम लग गया है।  खान सर के वकील ने साफ कर दिया है कि वे अदालत में सरेंडर (आत्मसमर्पण) नहीं करेंगे।   इसके बजाय, उनकी ओर से पटना सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) की याचिका दायर की जाएगी।

चूंकि आज कोर्ट की कार्यवाही का समय समाप्त हो चुका है, इसलिए अब सोमवार को अदालत खुलते ही खान सर की ओर से पिटीशन दायर किए जाने की पूरी संभावना है।

Khan Sir firing case : गिरफ्तारी के लिए रातभर चली छापेमारी

खान सर के खिलाफ आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज होने के बाद पटना पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस ने बीती रात उनके संभावित ठिकानों पर रातभर छापेमारी की, लेकिन उनका कहीं कोई अता-पता नहीं चला।

वहीं दूसरी ओर, शनिवार को पटना सिविल कोर्ट में खान सर के सरेंडर करने की चर्चाएं जोरों पर थीं। इस वजह से पूरे दिन कोर्ट परिसर में गहमागहमी का माहौल बना रहा। किसी भी स्थिति से निपटने और सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती भी की गई थी।

मामले की मुख्य वजह: यह पूरा विवाद बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा का रिजल्ट आने के बाद शुरू हुआ। परिणाम जारी होने के बाद खान सर का उनके प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान ‘ज्ञान बिंदु एकेडमी’ के साथ विवाद गहरा गया था।

पत्थरबाजी से शुरू हुआ मामला हवाई फायरिंग तक कैसे पहुंचा?

इस पूरे विवाद की शुरुआत मंगलवार देर रात को हुई, जब खान सर के कोचिंग सेंटर पर अचानक तोड़फोड़ और पथराव किया गया। पटना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस मामले में ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

लेकिन कहानी में ट्विस्ट अगले दिन आया। ज्ञान बिंदु एकेडमी की तरफ से उसी रात का एक सीसीटीवी (CCTV) वीडियो जारी किया गया। इस वीडियो में खान सर के दो बॉडीगार्ड हवा में फायरिंग करते हुए साफ नजर आ रहे थे। पुलिस ने वीडियो की सत्यता की जांच की और दोनों गार्डों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। चूंकि फायरिंग खान सर के संस्थान की तरफ से हुई थी, इसलिए पटना पुलिस ने दर्ज एफआईआर (FIR) में खान सर को भी नामजद अभियुक्त बना दिया।

खान सर पर मंडरा रहा है जेल जाने का खतरा

गार्ड्स की गिरफ्तारी के बाद अब इस मामले में खुद खान सर पर भी जेल जाने का खतरा मंडरा रहा है। पुलिस उन पर शिकंजा कसने की पूरी तैयारी में है। हालांकि, कानूनी जानकारों का कहना है कि सोमवार को दाखिल होने वाली अग्रिम जमानत याचिका पर कोर्ट के फैसले के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि खान सर को इस मामले में राहत मिलती है या उन्हें सलाखों के पीछे जाना पड़ेगा।

फिलहाल, पटना का यह ‘coaching war’ अब पूरी तरह से कानूनी लड़ाई में तब्दील हो चुका है और सबकी नजरें सोमवार को कोर्ट में होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Latest news

Related news