Siddaramaiah Resignation : कर्नाटक में आखिरकार सत्ता का हस्तांतरण हो गया है. मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का इस्तीफा राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने स्वीकार कर लिया है. इस्तीफा स्वीकार होने के साथ ही सिद्धारमैय्या मंत्रिमंडल भंग हो गई है. हालांकि नई सरकार के गठन तक सिद्धारमैया कार्यवाहक मुख्यमंत्री के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे.
Siddaramaiah Resignation:आलाकमान के निर्देश के बाद दिया हुआ इस्तीफा
सिद्धारमैया ने 28 मई को कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और इसके साथ ही राज्य में लंबे समय से सरकार के लेकर चल रही संशय की स्थिति पर विराम लग गया है.पिछले कई दिनों से राज्य में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही थीं. लगातार दिल्ली में कई बैठकों के बाद सिद्धारमैया माने और इस्तीफा देने के लिए तैयार हुए. सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस आलाकमान के निर्देश के बाद उन्होंने पद छोड़ने का फैसला किया. बताया गया कि जब सिद्धारमैया ने इस्तीफा सौंपा, उस समय राज्यपाल थावरचंद गहलोत बेंगलुरु में मौजूद नहीं थे. ऐसे में इस्तीफा पहले राजभवन के अधिकारियों को सौंपा गया था.
सिद्धारमैया के राज्यसभा जाने से इंकार
इस्तीफे के बाद मीडिया से बातचीत में सिद्धारमैया ने साफ कहा कि उन्हें राज्यसभा भेजने का प्रस्ताव मिला था, लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया. उन्होंने कहा कि उनकी रुचि राष्ट्रीय राजनीति में नहीं है और वे कर्नाटक की राजनीति में सक्रिय रहना चाहते हैं.
सिद्धारमैया ने कहा, “मेरे पास विधायक के तौर पर अभी दो साल का कार्यकाल बचा है और मैं जनता की सेवा करता रहूंगा.”
2023 में दूसरी बार बने थे मुख्यमंत्री
सिद्धारमैया का यह दूसरा कार्यकाल था.साल 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की शानदार जीत के बाद ढ़ाई-ढ़ाई साल के फार्मूले के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री पद संभाला था. अब उनके इस्तीफे के साथ ही उनके दूसरे कार्यकाल का अंत हो गया है. उनके नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने कई जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू किया था, जिनकी देशभर में चर्चा हुई थी.
डीके शिवकुमार के नाम की चर्चा तेज
कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री को लेकर अब उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार का नाम सबसे आगे चल रहा है. सूत्रों के मुताबिक गुरुवार को हुई एक अहम ब्रेकफास्ट बैठक में सिद्धारमैया ने खुद डीके शिवकुमार को अपना उत्तराधिकारी बताया. हालांकि अभी तक कांग्रेस की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.

