ईरान-अमेरिका सीजफायर पर भारत की पहली प्रतिक्रिया – फैसले का स्वागत,पश्चिम एशिया में जताई स्थाई शांति की उम्मीद

India Reaction on Ceasefire : ईरान और अमेरिका के बीच लंबे समय से जारी तनाव के बीच घोषित सीजफायर पर भारत सरकार की पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है. भारत सरकार के विदेश मंत्रालय  बयान जारी कर इस फैसले का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि इससे पश्चिम एशिया में स्थायी शांति का रास्ता खुलेगा . यह सीजफायर ऐसे समय में सामने आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल के जरिए इसकी घोषणा की.

India Reaction on Ceasefire:बातचीत ही समाधान

विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में साफ तौर से कहा कि भारत शुरू से ही इस संघर्ष को बातचीत और कूटनीति के जरिए सुलझाने का पक्षधर रहा है. मंत्रालय की तरफ से कहा गया कि किसी भी संघर्ष का स्थायी समाधान संवाद से ही संभव है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए तनाव कम करना बेहद जरूरी है. भारत का यह रुख पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सामने आ चुका है, जहां उसने संयम और बातचीत की अपील की थी.

विश्व उर्जा और व्यापार पर असर को लेकर चिंता

भारत ने इस संघर्ष के कारण वैश्विक स्तर पर पड़े असर को लेकर भी चिंता जताई. मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका-ईरान और इजरायल के बीच चली इस लंबी जंग ने ऊर्जा आपूर्ति और वैश्विक व्यापार को गंभीर रूप से प्रभावित किया है. खासतौर पर Strait of Hormuz से गुजरने वाली तेल और गैस सप्लाई बाधित होने से दुनियाभर के बाजारों में अस्थिरता देखने को मिली. भारत ने उम्मीद जताई कि सीजफायर के बाद अब इस अहम समुद्री मार्ग से सप्लाई और व्यापार सामान्य हो सकेगा.

भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी

सीजफायर के ऐलान के बावजूद भारत सरकार ने ईरान में मौजूद अपने नागरिकों के लिए सख्त एडवाइजरी जारी की है. तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे दूतावास के संपर्क में रहते हुए जल्द से जल्द सुरक्षित तरीके से ईरान छोड़ दें. दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया है कि बिना पूर्व समन्वय के किसी भी अंतरराष्ट्रीय सीमा तक पहुंचने की कोशिश न करें, क्योंकि इससे सुरक्षा जोखिम बढ़ सकता है.

इस पूरे घटनाक्रम के बीच भारत ने एक संतुलित और जिम्मेदार कूटनीतिक रुख अपनाते हुए जहां शांति का समर्थन किया है, वहीं अपने नागरिकों की सुरक्षा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी है.

Latest news

Related news