हरिद्वार कुंभ-2027: धामी ने लॉन्च किया लोगो, वेबसाइट और गीत

Haridwar Kumbh Logo–Website Launch हरिद्वार:हरिद्वार कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के बीच उत्तराखंड सरकार ने आयोजन की पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार, 12 अक्टूबर को कुंभ के आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और गीत का लोकार्पण किया. इन तीनों माध्यमों के जरिए कुंभ की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने के साथ श्रद्धालुओं तक आयोजन से जुड़ी जानकारी पहुंचाने की तैयारी है.

Haridwar Kumbh Logo–Website Launch
हरिद्वार कुंभ 2027 के लिए धामी सरकारी ने जारी किया आधिकारिक लोगो और बेवसाइट

हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा, सनातन संस्कृति और जनआस्था का विराट उत्सव है. हरिद्वार कुंभ का करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व है. राज्य सरकार कुंभ-2027 का दिव्य और भव्य आयोजन कराने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी.

लोगो में गंगा, हर की पैड़ी और सनातन परंपरा की झलक

हरिद्वार कुंभ-2027 के आधिकारिक लोगो में शहर की धार्मिक पहचान और सांस्कृतिक विरासत को प्रमुखता दी गई है. इसमें मां गंगा, हर की पैड़ी क्षेत्र, धनुष पुल और सूर्योदय की छटा को दर्शाया गया है. इसके साथ शिव प्रतिमा, साधु-संतों, त्रिशूल, डमरू और मां मनसा देवी व मां चंडी देवी की पहाड़ियों को भी शामिल किया गया है.

लोगो में मौजूद ये प्रतीक हरिद्वार की आध्यात्मिक महत्ता और कुंभ की परंपराओं को अभिव्यक्त करते हैं. इसका इस्तेमाल आयोजन से जुड़ी प्रचार सामग्री, प्रकाशनों और डिजिटल मंचों पर किया जाएगा. इससे कुंभ के प्रचार-प्रसार में एक समान दृश्य पहचान बनाए रखने में मदद मिलेगी.

हरिद्वार की मधु शर्मा ने तैयार किया विजेता डिजाइन

कुंभ का आधिकारिक लोगो तैयार करने के लिए मेला प्रशासन ने राज्य के युवाओं और विद्यार्थियों से डिजाइन आमंत्रित किए थे. प्राप्त सैकड़ों प्रविष्टियों में से 13 श्रेष्ठ और मौलिक डिजाइनों पर चयन समिति ने विचार किया. इसके बाद हरिद्वार के जगजीतपुर क्षेत्र के विकास नगर निवासी मधु शर्मा के डिजाइन को सर्वश्रेष्ठ चुना गया. इसी डिजाइन के आधार पर कुंभ-2027 के आधिकारिक लोगो को अंतिम रूप दिया गया.

वेबसाइट पर मिलेगी कुंभ से जुड़ी जानकारी

कुंभ मेले से संबंधित आधिकारिक जानकारियां उपलब्ध कराने के लिए वेबसाइट भी शुरू की गई है। श्रद्धालु और अन्य आगंतुक इस बेवसाईट से आयोजन से जुड़ी सूचनाएं प्राप्त कर सकेंगे.

https://haridwarkumbh.uk.gov.in

डिजिटल माध्यम से जानकारी उपलब्ध होने से देश के अलग-अलग हिस्सों और विदेशों में रहने वाले श्रद्धालुओं तक भी कुंभ का संदेश पहुंचाने में मदद मिलेगी. वेबसाइट का उद्देश्य आयोजन से जुड़ी प्रामाणिक सूचनाओं को एक मंच पर उपलब्ध कराना और लोगों की जानकारी तक पहुंच आसान बनाना है.

‘कुंभ का पर्व आ गया’ गीत से गूंजेगा आयोजन का संदेश

कुंभ-2027 के आधिकारिक गीत का लोकार्पण भी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा. ‘साधु और संतों के मन में हर्ष छा गया, कुंभ का पर्व आ गया’ पंक्तियों से शुरू होने वाला यह गीत कुंभ के आगमन की खुशी, साधु-संतों के उत्साह और श्रद्धालुओं की आस्था को स्वर देता है.

हरिद्वार निवासी गायक राघव राजा ने इस गीत की रचना, गायन और संगीत तैयार किया है. इसके जरिए कुंभ के आगमन का संदेश आम लोगों तक पहुंचाने और आयोजन के प्रति सांस्कृतिक जुड़ाव मजबूत करने का प्रयास किया गया है.

धार्मिक आयोजनों में गीत-संगीत का विशेष स्थान रहा है. ऐसे में आधिकारिक गीत कुंभ की परंपरा, उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण को लोगों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा.

परंपरा और आधुनिक तकनीक का संगम

हरिद्वार कुंभ-2027 उत्तराखंड की धार्मिक विरासत और पर्यटन को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर है. आधिकारिक लोगो आयोजन को पहचान देगा, वेबसाइट सूचनाओं के डिजिटल प्रसार में मदद करेगी और गीत कुंभ से जुड़ी आस्था व उल्लास को अभिव्यक्त करेगा.

इन तीनों माध्यमों के जरिए सरकार कुंभ की धार्मिक महत्ता और सांस्कृतिक वैभव को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामने लाने की दिशा में आगे बढ़ रही है. हालांकि, कुंभ के सफल आयोजन के लिए प्रचार के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाएं भी अहम रहेंगी.

लोकार्पण समारोह में मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा मौजूद रहे.

इसके अलावा मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत भुल्लर, महानिदेशक सूचना वंशीधर तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, अपर जिलाधिकारी जितेन्द्र कुमार और उप मेलाधिकारी आकाश जोशी व मनजीत सिंह सहित मेला एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए.

Latest news

Related news