CM Yogi Ghazipur Rally गाजीपुर: सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजीपुर दौरे के दौरान 692 करोड़ रुपये की 268 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस अवसर पर आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था, विकास और माफिया के मुद्दे पर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, वहीं समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा राजनीतिक हमला भी बोला.
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित है और कोई भी व्यक्ति धार्मिक आयोजनों में उपद्रव करने का साहस नहीं कर सकता.
“अब गरीब का बेटा रामलीला का आयोजन करता है तो कोई असलहा लहराकर दंगा करने का दुस्साहस नहीं कर सकता, क्योंकि उसे पता है कि ऐसा करने वालों को मिट्टी में ही दफन होना पड़ेगा।”
CM Yogi Ghazipur Rally : 692 करोड़ की 268 विकास परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजीपुर, जखनिया, मोहम्मदाबाद, सैदपुर, जमानिया, जहूराबाद और जंगीपुर विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी 268 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया. उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से जिले के विकास को नई गति मिलेगी और बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी.
‘अवैध असलहा लाइसेंस बनाने वाले नहीं, जनता की पैरोकारी करने वाले जनप्रतिनिधि चाहिए’
मुख्यमंत्री ने बिना किसी का नाम लिए विपक्षी सांसदों और जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता को ऐसे प्रतिनिधियों की जरूरत है जो विकास के लिए काम करें.
उन्होंने कहा,
“ऐसे सांसद नहीं चाहिए जो अवैध असलहा लाइसेंस बनाने में व्यस्त हों। जनता को ऐसे जनप्रतिनिधि चाहिए जो उनकी पैरोकारी करें, न कि फर्जी लाइसेंस बनवाकर अपराधियों को बढ़ावा दें।”
सपा पर हमला, माफिया और सालार मसूद का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल समाज को बांटने की राजनीति करते हैं और विदेशी आक्रांता सालार मसूद गाजी का महिमामंडन करते रहे हैं.
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने बहराइच में महाराजा सुहेलदेव की स्मृति में भव्य स्मारक, प्रतिमा और मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया, जबकि पहले की सरकारें सालार मसूद के मेले को बढ़ावा देती थीं.
‘माफिया के सामने नाक रगड़ते थे’
सीएम योगी ने आरोप लगाया कि पहले माफिया को राजनीतिक संरक्षण मिलता था.उन्होंने कहा..
“जो लोग माफिया के सामने नाक रगड़ते थे और उनकी कब्र पर फातिहा पढ़ने जाते थे, वे आज कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं. हमारी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति ने माफिया का नेटवर्क ध्वस्त कर दिया है.”
कृष्णानंद राय का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने पूर्व विधायक कृष्णानंद राय का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने माफिया के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी, लेकिन उस समय सत्ता के संरक्षण में पल रहे अपराधियों ने उनकी और सात अन्य लोगों की हत्या कर दी. उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में अपराधियों को किसी प्रकार का राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलेगा.
‘जिसे देखकर बिटिया घबराती है, ऐसे लोगों से बचें’
सपा पर हमला जारी रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
उन्होंने कहा कि जनता को उन लोगों से सावधान रहना चाहिए जिनकी छवि महिलाओं की सुरक्षा के लिए खतरा मानी जाती रही है. उन्होंने दावा किया कि आज प्रदेश में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पहले की तुलना में कहीं अधिक मजबूत हुई है.
गाजीपुर को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजीपुर में सड़क और परिवहन सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है. उन्होंने बताया कि:
- गाजीपुर से लखनऊ की यात्रा अब लगभग 3 से 3.5 घंटे में संभव है.
- पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को आगे चंदौली, वाराणसी होते हुए शक्तिनगर तक विस्तारित करने की योजना पर काम किया जा रहा है.
- गोरखपुर-वाराणसी हाईवे और अन्य सड़क परियोजनाएं पूर्वांचल के विकास को नई दिशा देंगी.
युवाओं, किसानों और महिलाओं के लिए योजनाओं का जिक्र
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री स्टार्टअप योजना, स्टैंडअप इंडिया, मिशन रोजगार, ओडीओपी, पीएम विश्वकर्मा योजना और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है.
उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 9 लाख से अधिक युवाओं को बिना सिफारिश और बिना रिश्वत सरकारी नौकरियां दी गई हैं.
‘आप 10 कदम चलिए, सरकार 100 कदम चलेगी’
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजीपुर की जनता से विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में भागीदारी का आह्वान किया.
उन्होंने कहा,
“यदि नौजवान, किसान, व्यापारी और महिलाएं विकास की दिशा में 10 कदम आगे बढ़ेंगे तो डबल इंजन सरकार उनके साथ 100 कदम चलने का काम करेगी। सुरक्षा, सुशासन और विकास हमारी सरकार की पहचान है।”
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, विधायक बेदीराम, विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, जिला पंचायत प्रशासक सपना सिंह, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे.
यदि समाजवादी पार्टी के पाप से पर्दा उठाना शुरू कर देंगे तो ये कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं बचेंगे… pic.twitter.com/CzmKmM8p4N
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 30, 2026

