Saturday, February 14, 2026

MCD मेयर चुनाव से पहले #AAP को सताने लगा है ऑपरेशन लोटस का डर

दिल्ली (DELHI): 

दिल्ली में मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव से पहले भाजपा उम्मीदवारों के नॉमिनेशन को लेकर AAP के प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने एक बार फिर से ऑपरेसन लोटस का जिन्न छोड़ दिया है. एमसीडी के मेयर, डिप्टी मेयर के चुनाव के लिए होने वाले नॉमिनेशन को लेकर आप प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने भाजपा को निशाना बनाते हुए कहा कि ‘भाजपा वाले कभी कहते हैं कि मेयर का चुनाव लड़ेंगे, कभी कहते हैं कि नहीं लड़ेंगे. इनके यहां एक विभाग है, डर्टी ट्रिक्स डिपार्टमेंट. यहां ये लोग हर वो काम करते हैं, जो राजनीति में वर्जित है. इनका ईजाद किया हुआ एक टर्म है, ऑपरेशन लोटस. इसके तहत, ये लोग दूसरी पार्टी के विधायक और पार्षदों को ख़रीद कर अनैतिक सरकार बनाने की कोशिशें हमेशा करते हैं. अब भी ये कोशिश करेंगे. लेकिन हमें ख़ुशी है कि एकबार फिर आज ये दिल्ली वालों के सामने एक्सपोज हुए हैं.

दिल्ली वालों ने भाजपा को दिया है विपक्ष में रहने का मैंडेट- AAP

दिल्ली वालों ने इन्हें विपक्ष में रहने के लिए कहा, इतनी सीटें नहीं दी कि ये मेयर, डिप्टी मेयर, या स्टैंडिंग कमिटी के मेंबर बना सकें. इसलिए अब ये कोशिश करेंगे कि कहीं से पार्षद ख़रीद लें, किसी को कोई लालच दे दें, दबाव बनाएं. लेकिन मैं दिल्ली वालों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि जो मौक़ा उन्होंने अरविंद केजरीवाल और उनके सिपाहियों को दिया है, हम लोग दिल्ली को साफ़ सुथरा करेंगे, चमकाएंगे. इस बार MCD में सरकार भी हमारी बनेगी, मेयर भी हमारा होगा और डिप्टी मेयर भी हमारा होगा. दिल्ली वालों ने आम आदमी पार्टी की सरकार बनाई है, भाजपा को विपक्ष में बैठने के लिए कहा है, क्योंकि भाजपा ने 15 साल में कुछ नहीं किया, दिल्ली को कूड़ा कूड़ा कर दिया. अब दिल्ली को चमकाने का काम आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल करेंगे.

Latest news

Related news