बिहार में विधानसभा चुनावों की तारीखो का ऐलान जल्द, दशहरे के बाद केंद्रीय चुनाव आयोग करेगा राज्य का दौरा

Bihar Election Date  : बिहार विधानसभा की तारीखों लेकर चल रहा सस्पेंस जल्द ही खत्म होने वाला है. सूत्रों से मिल रही खबरों के मुताबिक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग की टीम दशहरे के बाद बिहार के दौरे पर जा सकती है. माना जा रहा है कि इस दौरे के बीच केंद्रीय चुनाव आयोग (ECI) बिहार में चुनाव के लिए पूरी तैयारियों का जायजा लेगा औऱ इसी के साथ विधानसभा चुनावों की तारीखों का भी ऐलान किया जा सकता है .

Bihar Election Date :त्योहारों को देखते हुए तय होंगी मतदान की तारीखें 

चुनाव आयोग का दौरा दशहरे के बाद होगा लेकिन चुनाव की तारीखें त्योहारों को देखते हुए ही तय की जायेंगी. बिहार में दशहरा,दिवाली के बाद सबसे बड़ा त्योहार छठ पूजा है जिसका समापन 28 अक्टूबर को होगा. माना जा रहा है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की अगुवाई में आने वाली टीम त्योहारों को देखते हुए बिहार में चुनाव के कार्यक्रमों की रुपरेखा तय करेंगी.

 दिवाली के आस पास हो सकती है चुनाव की घोषणा 

सूत्रों के मुताबिक चुनाव आयोग की टीम दशहरे के बाद राज्य में चुनावी तैयारियों का जायजा लेगी, फिर दिवाली के आस-पास चुनाव की तारीखों की घोषणा की उम्मीद है. माना जा रहा है कि मतदान की तारीख छठ पूजा (25-28 अक्टूबर) के समापन के बाद की रखी जा सकती है.

तीन चरणों में हो सकता है मतदान

चुनाव आयोग के सूत्रों के मुताबिक बिहार में चुनाव तीन चरणों में हो सकते हैं. बिहार की कुल 243 विधानसभा सीटों को लिए मतदान 5 नवंबर से लेकर 15 नवंबर के बीच हो सकता है, ताकि 22 नवंबर तक नई विधानसभा का गठन हो सके. वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त हो रहा है इसलिए चुनाव आयोग को किसी भी तरह 22 नवंबर से पहले मतदान से लेकर मतगणना तक का पूरा काम समाप्त करना होगा.

SIR के बाद तैयार की गई नई वोटरलिस्ट 30 सितंबर को होगी जारी

बिहार में किये गये मतदाता गहण पुनरीक्षण के बाद हुए संशोधनों  के साथ अब चुनाव आयोग 30 सितंबर नई वोटर लिस्ट जारी करेगा. फाइनल लिस्ट आने के बाद तय हो जायेगा कि इस बार बिहार की कुल चुनाव प्रक्रिया में कितने मतदाता भाग लेंगे. केंद्रीय चुनाव आयोग (ECI) की तैयारियां जारी हैं. हर विधानसभा क्षेत्र में बूथ लेवल के एजेंट्स (BLA) के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू कर दिये गये है. इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 280 से अधिक एजेंट्स शामिल हैं.

 

Latest news

Related news